लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने आज समाजवादी पार्टी पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को हार से पहले हार के बहाने गढ़ने में महारत हासिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि अनवरत पराजय से हताश अपने कार्यकर्ताओं को हताशा से उबारने के लिए अखिलेश यादव पहले ही हार के बहाने गढ़ लेते हैं। अखिलेश यादव उपचुनाव में अपनी हार के डर से अभी संवैधानिक संस्थाओं व प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं और आगे ईबीएम पर आरोप लगाएंगे। प्रदेसाध्यक्ष श्री चौधरी ने कहा कि मैनपुरी रामपुर व खतौली में जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलेगा और कमल खिलेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी गुरूवार को मैनपुरी में विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि सपा की सरकार में जब सरकारी नौकरियां निकलती थी तो पूूरा सैफई कुनबा थैला लेकर धन उगाही के लिए निकल पड़ता था। जबकि आज योगी जी के नेतृत्व की भाजपा सरकार में सभी सरकारी नौकरियों में पूर्ण पारदर्शी व्यवस्था से युवाओं को नौकरी मिली है।

उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार में अवैध कब्जों व अवैध खनन से पूरा प्रदेश आहत था, पूरे प्रदेश को दंगों की आग में झोंक दिया गया था और दंगाईयों को सरकार का संरक्षण प्राप्त था। जबकि आज योगी सरकार में गुंडागर्दी, अराजकता, बेईमानी, अपराध पर अंकुश लगा है और दंगाई घरों में दुबके बैठे हैं।
श्री चौधरी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी व सर्वसमावेशी के लक्ष्य को प्राप्त कर रही है। हम सबका साथ-सबका विकास व सबका विश्वास की नीति पर चलकर अंत्योदय लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए सतत कार्य कर रहें हैं। मोदी व योगी के नेतृत्व की भाजपा सरकारों के काम तथा हमारे कार्यकर्ताओं का जनता से सतत संवाद व संपर्क भाजपा की जीत का आधार बनेगा।