
Lucknow news today समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सदस्य विधान परिषद नरेश उत्तम पटेल ने मंगलवार को भाजपा सरकार पर किसानों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। प्रदेशाध्यक्ष श्री पटेल ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों की उपेक्षा कर रही है। भाजपा सरकार ने किसानों को संकट में डाला है। महंगाई लगातार बढ़ने से खेती का लागत मूल्य बहुत बढ़ गया है। डीजल, खाद, बीज, कीटनाशकों की कीमतें कई गुना बढ़ गयी है लेकिन किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) नहीं मिल रहा है।

श्री पटेल ने कहा कि हालात यह है कि किसानों के गेहूं, धान, मक्का, ज्वार, बाजरा समेत अन्य मोटे अनाजों की फसलों का लागत मूल्य नहीं निकल रहा है। किसानों को हर साल महंगा बीज खरीदना पड़ता है। डीजल के बढ़े दामों में जुताई, सिंचाई और ढुलाई महंगी हो गयी है।
श्रीअन्न के नाम पर इन दिनों सरकार बहुत प्रचार कर रही है किन्तु किसान का मक्का दाना 20रू0 किलो बिक रहा है जबकि उसका बीज साढ़े तीन सौ रूपये किलो मिल रहा है। इस मक्का का बीज दुबारा इस्तेमाल नहीं होता है।
श्री पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां किसान विरोधी है। भाजपा की गलत नीतियों के कारण किसान लगातार कर्ज में डूबता जा रहा है और आत्महत्या करने पर विवश है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों का हित नहीं चाहती है। भाजपा पूंजीपतियों की पोषक है। किसानों की फसल को बिचौलिए लूट रहे हैं। किसानों की फसल सस्ते में खरीदकर कुछ बड़ी कम्पनियां आम जनता को महंगा सामान बेचते हैं और मुनाफा कमाते है।
