जालौन क्षेत्र के बारिश के मौसम बना ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब,,लोगों ने लगाई अधिकारियों से गुहार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन विकासखंड के ग्राम गायर में आंगनबाड़ी केंद्र से जूनियर स्कूल तक जाने वाला कच्चा रास्ता बारिश के मौसम में ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। बारिश होते ही रास्ते पर कीचड़ और जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है, जिससे ग्रामीणों के साथ स्कूली बच्चों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण कैलाश याज्ञिक, धनीराम वर्मा, चुन्ना, रामनरेश, महेश, आमिर, भूरे, सोहन, हिमांशु आदि का कहना है कि इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे और ग्रामीण आवागमन करते हैं। बरसात में रास्ते पर फिसलन होने के कारण बच्चों के गिरने का खतरा बना रहता है। किसी ग्रामीण के बीमार होने पर एंबुलेंस को घर तक पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी मार्ग पर आरआरसी सेंटर और सामुदायिक शौचालय भी स्थित हैं। इसके बावजूद रास्ते की बदहाली की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान नहीं जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार अधिकारियों द्वारा सड़क की नाप-जोख भी की जा चुकी है, लेकिन बारिश से पूर्व निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। जिससे बारिश में ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आंगनबाड़ी केंद्र से जूनियर स्कूल तक जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।