रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन के छिरिया मलकपुरा चौकी पुलिस ने बिजली के तार काटकर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि 3 आरोपी मौका पाकर भागने में सफल हो गये। पुलिस ने मौके से 45.300 किलोग्राम एल्मुनियम तार, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त ओमनी कार भी बरामद की है।
छिरिया मलकपुरा चौकी प्रभारी आलोक पाल को शनिवार की रात करीब साढ़े 8 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुढ़ा वाली पुलिया, जालौन-उरगांव रोड के पास कुछ लोग बिजली के तार काटकर चार पहिया गाड़ी में लादकर बेचने जा रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी आलोक पाल, उप निरीक्षक सुरेश चन्द्र यादव, बृजवीर सिंह, नीरज कुमार, अंशुल शर्मा व राहुल सिंह की टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखकर ओमनी गाड़ी में बैठे दो लोगों को मौके से पकड़ लिया गया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम भानू प्रताप पुत्र देवीशरण राठौर निवासी नया पटेल नगर, थाना कोतवाली कोंच और दीपराज पुत्र शिवशंकर निवासी जुगराजपुरा, थाना रेढर बताया। पकड़े गये आरोपियों की तलाशी में भानू प्रताप के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। गाड़ी की तलाशी में 45.300 किलोग्राम बिजली का एल्मुनियम तार, लोहे का कटर, लोहे का प्लास और दो मोबाइल फोन मिले। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उनके तीन अन्य साथी शिवम जाटव, पुष्पेन्द्र उर्फ गुड्डू और अक्षय कुशवाहा निवासी नया पटेल नगर, थाना कोंच थोड़ी दूरी पर तार काट रहे थे, जो पुलिस को देखकर भाग गए। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे रात में सुनसान इलाकों में बिजली के खंभों से तार काटते हैं और उसे रास्ते में मिलने वाले कबाड़ियों को बेच देते हैं। बरामद तार को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौला गया तो वह 4 बंडलों में था।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस, धारा 3 सार्वजनिक सम्पत्ति नुकसान निवारण अधिनियम-1984 व धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। चोरी में प्रयुक्त ओमनी कार संख्या UP93AU3339 को धारा 207 एमवी एक्ट में सीज कर दिया गया है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दबिश दी जा रही है।
अवैध शराब के साथ एक अरेस्ट,
जालौन। ।कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब बिक्री पर कार्रवाई करते हुए गोकुलपुरा पुलिया के पास से एक व्यक्ति को 22 क्वार्टर देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया।
उपनिरीक्षक जयकिशोर ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर ग्राम कुसमरा निवासी अरविन्द उर्फ मटका पुत्र रामसनेही को सफेद प्लास्टिक के झोले के साथ पकड़ा गया। तलाशी में झोले से 22 क्वार्टर ट्विन टावर देशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब बेचकर घर का खर्च चलाता है। पुलिस ने धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।




