रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में मंगलवार की देर रात आई आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली के पोल टूट गए। टूटे हुए बिजली के पोलों को बदलवाने का कार्य किया जा रहा है।
मंगलवार की देर रात पानी के साथ आई आंधी के चलते कई स्थानों पर बिजली के पोल टूट गए। इन टूटे हुए बिजली के पोलों के चलते बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई। इन टूटे हुए पोलों में मोहल्ला मुरलीमनोहर में सहावनाका फीडर के जामा मस्जिद के पास, तोपखाना फीडर के लौना रोड पर, कामांक्षी फीडर के स्वामी विवेकानंद इंटरकॉलेज के पास, कोल्ड स्टोर के पास और ग्राम हरकौती में, जगनेवा फीडर के हरीपुरा, शेखपुरा फीडर के औरेखी और धनौरा फीडर के छानी खास में कुल 11 बिजली के पोल टूट गए। बिजली के पोल टूटने से इन स्थानों पर बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई है। जानकारी मिलने पर बिजली विभाग ने इन पोलों को ठीक कराने का काम शुरू कर दिया है। जेई नवीन कंजौलिया ने बताया कि काम कराया जा रहा है। काम पूरा होते ही बिजली व्यवस्था दुरूस्त हो जाएगी।
ब्रेक डाउन होने से गुल हुई बिजली
जालौन। ब्रेक डाउन होने के कारण नगर की बिजली आपूर्ति साढ़े चार घंटे ठप रही। इसके बाद भी लुका-छिपी का खेल चलता रहा है। बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों की रात की नींद खराब हुई।
मंगलवार की देर रात करीब नौ बजे तेज हवाओं के साथ हुई बारिश व ओले गिरने लगे। इसी दौरान तेज बिजली कड़कने के साथ ही नगर की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी। लाइन में आयी खराबी के कारण नगर व आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। पानी बंद होने के बाद आई खराबी की तलाश शुरू की गई। जिसमें पता चला कि खेतों के बीच निकली लाइन में उदोतपुरा बिजली घर के पास पोल का इंसुलेटर खराब हो गया है। रात के अंधेरे में मशक्कत के बाद इंसुलेटर बदलने का काम कराया गया। अवर अभियंता नवीन कुमार की निगरानी में बिजली कर्मचारी सामीर अली, सुरेश कुमार, सोंटी की टीम इंसुलेटर बदलने की प्रक्रिया पूरी की। इंसुलेटर बदलने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। ब्रेक डाउन होने के कारण रात नौ बजे से देर रात डेढ़ बजे तक नगर व आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति बंद रही। लगातार साढ़े चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण लोगों की रात की नींद खराब हो गई। डेढ़ बजे बिजली आने के बाद भी लुका-छिपी का खेल चलता रहा। लगभग तीन बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो पाई। इसके बाद सुबह रोस्टिंग शुरू हो गई। रोस्टिंग के बाद सुबह लगभग आठ बजे बिजली आने के बाद फिर से लुका-छिपी का खेल शुरु हो गया जो पूरे दिन चला। लुका-छिपी के कारण पेयजलापूर्ति भी प्रभावित हुई। अवर अभियंता नवीन कुमार ने बताया कि इंसुलेटर खराब हो जाने कारण बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ गया था जिससे बहाल कर दिया गया है।






