रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक बार फिर तेज रफ्तार और असावधानी के कारण दर्दनाक हादसा हो गया। गोहन क्षेत्र में किमी संख्या 212 के पास दो ट्रकों की टक्कर में 20 वर्षीय खलासी की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बुधवार सुबह झांसी की ओर से औरैया की तरफ जा रहे दो ट्रक गोहन के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 212 के पास आगे पीछे चल रहे थे। सड़क खराब होने के चलते आगे चल रहे ट्रक के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रहे ट्रक का चालक समय रहते वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और उसका ट्रक आगे वाले ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक व खलासी दोनों केबिन में फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को केबिन से बाहर निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने फिरोजाबाद निवासी खलासी रामरतन (20) को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मैनपुरी निवासी चालक सौरभ (25) की हालत नाजुक होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।







