छात्रा की तहरीर पर पीजीआई कोतवाली ने दर्ज की प्राथमिकी
(रिपोर्ट – संजय सिंह )
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजद लखनऊ के पीजीआई कोतवाली क्षेत्र में एक छात्रा ने जालसाज के खिलाफ धोखाधड़ी करने की प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पीड़िता का कहना है कि जालसाज ने स्वयं को उसका रिश्तेदार बताकर उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। ठगे जाने के बाद छात्रा ने पीजीआई कोतवाली में तहरीर दी है।
यह था मामला
मूलरुप से बस्ती जनपद के मूणघाट की निवासिनी शिवांगी पटेल पीजीआई स्थित कृष्ण विहार कॉलोनी में किराए के मकान में रहती है। वह लखनऊ में रहकर मेडिकल की पढ़ाई रही है। पीड़िता ने बताया कि गत 6 फरवरी को एक जालसाज ने छात्रा को कॉल कर स्वयं को उसका रिश्तेदार बताया और फिर उसके खाते में पांच हजार रूपये ट्रांसफर करने की बात कही। इस दौरान छात्रा के मोबाइल की स्क्रीन पर पेमेंट की रिक्वेस्ट आई। रिक्वेस्ट को खोलने पर छात्रा के खाते से तीन किस्तों में 25 हजार रूपये कट गए। जब छात्रा ने रुपये वापस करने का दबाव बनाया तो जालसाज गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद छात्रा ने पीजीआई कोतवाली में तहरीर देते हुए मामला दर्ज कराया है।
प्रभारी निरीक्षक ने कही ये बात
थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




