यमुना नदी में मिला तीन दिन से लापता युवक का शव

(भवानी सैनी की रिपोर्ट) बेहट (सहारनपुर) जनपद सहारनपुर के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव छज्जा से पिछले तीन दिन से लापता चल रहे एक युवक का शव गौताखोरों की मदद से शुक्रवार को यमुना नदी से बरामद कर लिया गया। मौके पर पहुँचे परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर थाना मिर्जापुर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
मिली जानकारी के अनुसार तीन दिन पहले थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव छज्जा निवासी सुमित पुत्र सुजान सिंह अचानक घर से लापता हो गया था। परिजन तभी से लगातार उसकी आसपास के क्षेत्र में तलाश कर रहे थे। इस बारे में सुमित के भाई अमित ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करा दी थी।

शुक्रवार को संदेह के आधार पर गोताखोरों की मदद से जब सुमित की लाडापुल के निकट यमुना नदी में तलाश की गई तो उसका शव बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुँची और परिजनों की मांग पर पंचनामे के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। जिसके बाद परिजन बिना किसी कारवाई के शव को अपने साथ ले गए।

Leave a Comment