मुख्यमंत्री द्वारा बाढ़ प्रभावितों को राहत सामग्री वितरित की गयी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद महराजगंज का हवाई सर्वेक्षण कर बाढ़ की स्थिति का निरीक्षण किया। इस अवसर पर सीएम योगी ने धानी विकासखण्ड के महेशराम अशोक कुमार कन्या इण्टर कॉलेज में स्थित बाढ़ राहत केन्द्र पहुंच कर बाढ़ प्रभावितों का कुशलक्षेम पूछा और उनसे संवाद किया व बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की गयी। उन्होंने गृह हानि तथा पशुहानि के प्रभावित लोगों को मुआवजा राशि का चेक तथा 13 अन्य लोगों को अनुदान राशि का चेक वितरित किया।

सीएम योगी ने कहा अक्टूबर के महीने में पहली बार बाढ़ की त्रासदी का सामना हम सबको करना पड़ रहा है। यह असमय बाढ़ है। बाढ़ की स्थिति में सभी जनप्रतिनिधिगण तथा जिला प्रशासन के अधिकारीगण आपकी सेवा में तत्परता से कार्य कर रहे हैं। केन्द्र और राज्य सरकार ने सभी पीड़ित परिवारों के लिए हर प्रकार की सहायता के लिए पर्याप्त धनराशि और सामग्री सभी प्रभावित जनपदों को उपलब्ध करायी है। जहां घरों में पानी भर गया है, वहां भोजन के पैकेट उपलब्ध कराये जा रहे हैं जहां लोग अपने घरों में भोजन बना सकतेे हैं, वहां हर पीड़ित परिवार को राशन किट प्रदान की जा रही है। राशन किट में 10 किलो चावल, 10 किलो आटा, 10 किलो आलू, 5 किलो लाई, 2 किलो भुना चना, 2 किलो अरहर की दाल, रिफाइण्ड तेल, नमक, मिर्च-मसाले समेत 5 लीटर कैरोसिन तेल देने की व्यवस्था की गयी है। साथ ही, महिलाओं के लिए डिग्निटी किट भी शासन द्वारा उपलब्ध करायी जा रही है।

मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, उन्हें मुख्यमंत्री आवास योजना की तर्ज पर आवास बनाने केे लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की दर से धनराशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा से हुई जनहानि पर पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। अंग-भंग होने पर 75 हजार रुपये से 2 लाख 50 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध करायी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि से भारी पैमाने पर फसलों को क्षति पहुंची है। जिला प्रशासन को इसके सर्वेक्षण के आदेश दिए गए हैं। शीघ्र ही प्रभावित किसानों को फसलों के मुआवजे की धनराशि उनके खातें में उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा। पहले सूखा तथा फिर बाढ़ के कारण जो स्थिति उत्पन्न हुई है, इसके दृष्टिगत पीड़ित किसानों को निःशुल्क दलहन, तिलहन तथा सब्जी के बीज उपलब्ध कराने की कार्यवाही चल रही है, ताकि उनकी खेती प्रभावित न होने पाए।

मुख्यमंत्री श्री योगी ने कहा कि जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी जलजमाव हुआ है या जहां भी बाढ़ की स्थिति है, वहां पर्याप्त संख्या में नौकाओं की व्यवस्था करते हुए लोगों को सुरक्षा दें। बाढ़ का पानी अगले 03-04 दिनों में पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। गांव में स्वच्छता पर ध्यान देना होगा। जिला प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि दीपावली के पहले हर जगह साफ-सफाई, दवाओं के छिड़काव की व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत तथा जहां बिजली बाधित हुई है, वहां बिजली को बहाल करके पूर्व की स्थिति में लाने की व्यवस्था करें, जिससे लोग दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मना सकें।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।