
(ब्यूरो रिपोर्ट)
Auraiya news today । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद की जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने गांधी जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के संघर्षों एवं उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 2 अक्टूबर अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में घोषित किया गया है। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी दोनों ही महान विभूतियों का देश के निर्माण में अप्रतिम योगदान रहा है। देश के स्वतंत्रता आंदोलन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका रही। राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन में उनके संघर्षों तथा योगदान को देखते हुए स्वतंत्रता आंदोलन के एक कालखंड को गांधी युग भी कहा जाता है । उन्होंने राष्ट्रीय आंदोलन का नेतृत्व किया । उन्होंने विदेशी शासन से भारत देश की मुक्ति के लिए सत्य और अहिंसा का मार्ग चुना और कठिन संघर्ष से देश को आजादी दिलवाई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक अब्दुल बासित ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमेशा गरीबों और वंचितों के उत्थान की बात कही और इसके लिए जीवन पर्यन्त कार्य किया। गांधी जी भारतीय संस्कृति के पोषक तथा भेदभाव की परंपरा के विरोधी थे। उन्होंने विश्व को शांति का संदेश दिया। वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए महात्मा गांधी के विचार आज और भी प्रासंगिक है। उन्होंने ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी साहस और सादगी की प्रतिमूर्ति थे। गांधीवादी विचारधाराओं का अनुसरण करते हुए उन्होंने देश की सेवा की और अपनी निष्ठा एवं सच्चाई में कभी कमी नहीं आने दी। उन्होंने ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीबों के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। हम जिस भी पद पर है पूरी निष्ठा व ईमानदारी से कार्य करें और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को लाभ पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएं। हम सभी इनके पद चिन्हों का अनुसरण करें, यही दोनों महान विभूतियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उक्त से पूर्व जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा झण्डा फहराया। डिप्टी कलेक्टर बुशरा बानो सहित अन्य अधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर कलैक्ट्रेट परिसर के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री के जन्मदिवस पर एसपी ने माल्यापर्ण कर दिलाई शपथ

औरैया। विश्व में शांति के प्रतीक के रूप में देखे जाने वाले एवं भारत की स्वाधीनता में अहम भूमिका निभाने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 154 वें जन्मदिवस पर एवं भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री एवं सादगी के प्रतीक लाल बहादुर शास्त्री के 119 वें जन्म दिवस पर सोमवार को पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने रिजर्व पुलिस लाइन में महात्मा गांधी एवं लालबहादुर शास्त्री के चित्र का अनावरण कर माल्यापर्ण किया एवं गार्द द्वारा सलामी दी गयी।

पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण को देश की आजादी और राष्ट्रीय एकता की रक्षा करने, और भी मजबूत बनाने के कार्य में तन, मन से योगदान करने व सदैव अहिंसा का पालन करते हुए समस्त विवादों को शांतिपूर्वक और संवैधानिक उपायों द्वारा हल करने की शपथ दिलायी गयी। इस मौके पर रिजर्व पुलिस लाइन मै तैनात अन्य अधि0/कर्म0गण उपस्थित रहें।






