
Jalaun news today । जालौन नगर के प्रवेश द्वार देवनगर चौराहे से नगर की सीमा तक चुर्खी रोड ध्वस्त हो गया है। यहां पर महीने के पहले सप्ताह में गिट्टी व डस्ट डालकर गढ्ढे भरने का प्रयास किया गया था। बारिश के बाद एक बार फिर गढ्ढे हो गए हैं। जब यहां से गुजरने वाले लोगों की परेशानी को लेकर खबर मीडिया में चली तब लोक निर्माण की टीम ने गुरूवार को नगर में पहुंचकर उपरोक्त सड़क का निरीक्षण किया और गढ्ढे भरने के लिए गिट्टी व डस्ट डालने के निर्देश दिए।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार नाला निर्माण के बाद से चुर्खी मार्ग गढ्ढों में तब्दील हो गया है। मार्ग ध्वस्त होने के कारण नगर व ग्रामीण क्षेत्र की जनता परेशान हैं। इस मार्ग से लगभग एक दर्जन से ज्यादा गांवों का तहसील मुख्यालय से संपर्क जुड़ता है। इसके साथ ही इस मार्ग पर प्राथमिक से परास्नातक तक के स्कूल, कॉलेज व उत्सव गृह संचालित हो रहे हैं। मार्ग ध्वस्त होने के कारण जनता परेशान हैं। जनता की परेशानी को लेकर लगातार प्रकाशित हो रही खबरों को सज्ञान में लेते हुए क्षेत्रीय विधायक गौरीशंकर वर्मा लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ तीन अगस्त को निरीक्षण किया था। निरीक्षण के बाद लोक निर्माण विभाग ने जनहित को देखते हुए गिट्टी व डस्ट से गढ्ढे भरवाने का काम चार अगस्त से शुरू करा दिया था। गिट्टी व डस्ट गिरने के बाद सड़कों के बड़े-बड़े गढ्ढों से राहत मिल गयी थी। लेकिन बारिश के चलते डस्ट पानी के साथ बह गई है। जिससे एक बार फिर गड्ढे हो गए हैं।

गुरुवार को लोक निर्माण विभाग प्रथम के सहायक अभियंता दिनेश भाटिया, विशाल सिंह जेई पुनीत कुमार ने मौके पर आकर निरीक्षण किया। जो गड्ढे हैं उन्हें भरने के लिए गिट्टी व डस्ट की आवश्यकता महसूस की गईं। सहायक अभियंता दिनेश भाटिया ने निरीक्षण के बाद बताया कि इस मार्ग में अभी गड्ढे रह गए हैं उनको भरने के लिए शुक्रवार से पुनः काम शुरू कराया जाएगा। लोगों की परेशानी कम करने के लिए फौरी तौर पर व्यवस्था की जा रही है। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, सभासद रवि कुशवाहा, नमन श्रीवास्तव, जेई नगर पालिका प्रवीण कुमार, मलखान जाटव, लवकुश आदि मौजूद रहे।











