
.
Jalaun news today । जालौन नगर के टाउन बिजलीघर के आसपास की केबिलों में आए दिन स्पार्किंग व फॉल्ट होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी। जिससे बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए सोमवार को छोटे बिजलीघर की केबिल ठीक करने का काम कराया गया। काम होने के कारण तहसील मार्ग समेत बाजार व मोहल्लों की बिजली आपूर्ति लगभग आठ घंटे तक ठप रही। जिसके चलते लोग परेशान हुए।
नगर के मध्य स्थित टाउन बिजली घर में दो ट्रांसफार्मर 400-400 केवी के रखे हुए हैं। इन ट्रांसफार्मरों से बाजार समेत आसपास के आधा दर्जन मोहल्लों में बिजली आपूर्ति होती है। टाउन बिजली घर से निकली केबिलों में आये दिन चिंगारी निकलती रहती थी। चिंगारी के चलते आसपास के दुकानदारों को दिक्कत हो रही थी और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता था। सोमवार को साप्ताहिक बाजार बंदी के दिन बिजली विभाग ने छोटे बिजलीघर पर जमीन पर पड़ी केबिल को ठीक करने व उपकरणों को बदलने का काम कराया। इसके साथ ही शराब के ठेके वाली गली में केबिल बदलने का काम कराया गया। जिससे सब्जी मंडी के आसपास के साथ मोहल्ला जोशियाना, चौधरयाना, काशीनाथ, फर्दनवीस, गोविंदेश्वर, चुर्खीबाल आदि की बिजली आपूर्ति सुबह 10 बजे से सायं छह बजे तक ठप रही। एसडीओ रामसुधार, जेई नवीन कंजोरिया के नेतृत्व में टीजीटू नरेंद्र सोलंकी, लाइनमैन सामीर अली, सोनू, राजेंद्र, दीपू, सोंटी सोनी आदि कार्य में सहयोग किया।





