
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर इटावा से चित्रकूट की ओर ईटा लेकर जा रहा डंपर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से से टकराकर सड़क के दूसरी ओर जाकर पलट गया। डंपर के पलटने के कारण ईटा सड़क पर बिखर गए जिससे झांसी की ओर से गिट्टी लेकर आ रहा ट्रक भी पलट गया। जिसके चलते एक ओर का यातायात लगभग एक घंटे तक बाधित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस व एक्सप्रेस वे की टीम ने क्रेन से डंपर व ट्रक को सीधा कराया और ईटा व गिट्टी हटवा कर यातायात सुचारू कराया। दुर्घटना के दौरान कोई हताहत नहीं हुआ।
जनपद झांसी के थाना परीक्षा के ग्राम लबैयापुरा निवासी डंपर चालक मुकेश कुमार पुत्र हुकुम सिंह व परिचालक मध्य प्रदेश के जनपद निवाड़ी थाना पृथ्वीपुर के मड़िया निवासी हाकिम सिंह (42) पुत्र रमेश प्रसाद डंपर में ईटा लेकर बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे से होकर इटावा से चित्रकूट की ओर जा रहे थे। जब वह छिरिया सलेमपुर के पास किमी संख्या 195 के पास पहुंचे तो आगे चल रही कार को बचाने के चक्कर में डंपर चालक अपना संतुलन खो बैठा। जिससे डंपर डिवाइडर से टकराकर अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में पहुंचकर सड़क पर पलट गया। डंपर पलटने से ईटा भी सड़क पर गिरकर बिखर गए।

ईटा बिखरने के कारण झांसी की ओर से गिट्टी लेकर आ रहा ट्रक भी अनियंत्रित होकर पलट गया। एक साथ दो ट्रक पलटने से एक ओर का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मलकपुरा चौकी प्रभारी राजकुमार पांडेय के साथ बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे की टीम मौके पर पहुंच गई। आनन फानन में क्रेन की सहायता से सड़क पर पलटे डंपर व ट्रक को हटवाया साथ ही सड़क पर पड़ी गिट्टी व ईटा को हटवाया। इस दौरान टीम को लगभग एक घंटे का समय लग गया। जिसके चलते एक ही लाइन से दोनों ओर के वाहनों को निकलवाया गया। सड़क से मलवे को हटवाने के बाद पुनः यातायात शुरू कर दिया गया। हालंाकि गनीमत रही हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। मामूली चोटें आने पर चालक व खलासी को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।





