रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में उरई जालौन मार्ग पर अकोढ़ी दुबे के पास तेज बेकाबू कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में परिवहन विभाग के तकनीकी कर्मचारी की मौके पर मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित होकर खंदक में जा गिरी। सूचना पर पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
परिवहन विभाग में उरई में तैनात तकनीकी कर्मचारी अमित कुमार गौतम (42) पुत्र रतीराम निवासी मोहल्ला चिमनदुबे शुक्रवार की रात ड्यटी कर स्कूटी से वापस जालौन लौट रहे थे। लगभग साढ़े नौ बजे वह स्कूटी से उरई जालौन मार्ग पर अकोढ़ी दुबे के पास पहुंचे। तभी पीछे से आ रही बेकाबू कार ने उनकी स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार कर्मचारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, टक्कर मारने के बाद कार भी सड़क किनारे खंती में जा गिरी। मौके पर मौजूद ग्रामीण रामकुमार बाथम, पुनीत दुबे आदि ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने अमित को देखते ही मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंच गईं। जहां पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। अमित की मौत के बाद पत्नी रश्मि व मां गंगादेवी का रो रोकर बुरा हाल है। बेटी एमी (13), याशी (11) व बेटा निश्चय (8) भी त्योहार पर पापा के घर आने की राह ताकते रहे। वहीं, बड़े भाई अवधेश भी भाई की मौत के बाद गमगीन नजर आए।





