रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में दो दिन बारिश होने के बाद आसमान में बादल छाए हैं और शीतलहर चल रही है। एक ओर जहां लोगों को ठंड से बचाने के लिए अभी तब कंबलों वितरण का काम नहीं हो पाया है तो दूसरी ओर नगर पालिका द्वारा सर्दी को देखते हुए नगर में 27 स्थानों पर अलाव लगवा दिए गए हैं।
कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान लगातार नीचे जा रहा है। दो दिन पूर्व हुई बारिश के बाद धूप ने दर्शन नहीं दिए हैं। बदली छायी रहने के साथ ही शीतलहर भी चल रही है। तापमान गिरने के कारण ठिठुरन बढ़ चुकी है। सर्दी में दो पहिया वाहन चालक और खुले वाहन चलाने वाले भी परेशान हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि एक ओर जहां ठंड से लोग परेशान हैं वहीं प्रशासन की ओर से ठंड से बचाव के वितरित होने वाले कंबल अभी तक जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाए हैं। निर्धन लोग सरकारी कंबलों का इंतज़ार कर रहे हैं। लोगों को ठंड से बचाव के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा नगर के मुख्य चौराहे देवनगर चौराहा, पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौराहा, झंडा चौराहा, कांजी हाउस चौराहा, मुरलीमनोहर, छोटा बिजलीघर, सरकारी अस्पताल, कोतवाली, चौकी, तहसील गेट, गोशाला, एसडीएम कोर्ट, बड़ी माता मंदिर, हनुमान मठिया, जामा मस्जिद, तकिया मैदान, मोती मस्जिद, सब्जी मंडी समेत 27 स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। नगर में जल रहे अलाव से राहगीरों के साथ आसपास के दुकानदारों, निर्धन बेसहारा लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। नगर पालिका अध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल ने बताया कि नगर पालिका कार्यालय परिसर में निर्धन बेसहारा लोगों के लिए अस्थायी रैन बसेरा संचालित हो रहा है। इसमें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। जरूरतमंद ठंड से बचाव के लिए इनका उपयोग करें।

