रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के शनिधाम मंदिर में राम कथा के चौथे दिन भक्ति और ज्ञान की गंगा प्रवाहित हुई। कथा व्यास गुरु प्रसाद महाराज ने प्रभु श्रीराम के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को बताया। जिससे भक्तों का हृदय भक्तिरस से सराबोर हो गया।
गूढ़ा न्यामतपुर स्थित शनिधाम मंदिर में चल रही सात दिवसीय राम कथा में कथा व्यास गुरु प्रसाद ने कहा कि भगवान श्रीराम केवल मर्यादा पुरुषोत्तम ही नहीं, बल्कि आदर्श जीवन के प्रेरणास्रोत भी हैं। उन्होंने श्रीराम के वनवास, माता सीता के समर्पण, लक्ष्मण की सेवा भावना और हनुमान जी की भक्ति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, श्रीराम का जीवन हमें त्याग, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा की सीख देता है। जो व्यक्ति राम के आदर्शों को अपने जीवन में उतारता है, उसका जीवन स्वयं मंगलमय हो जाता है। इस अवसर पर पांडाल में भजन-कीर्तन और सुंदर झांकियों ने भक्तों का मन मोह लिया। मंदिर परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया, जहां श्रद्धालु श्रीराम के नाम का गुणगान कर रहे थे। कथा व्यास ने सभी श्रद्धालुओं को भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी और कहा कि राम कथा केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में उतारने के लिए होती है। कथा के चौथे दिन का यह दिव्य आयोजन भक्तों के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव बन गया, जिसने उनके हृदय में रामभक्ति की ज्योति प्रज्ज्वलित कर दी। इस मौके पर पुजारी बृजेश तिवारी, अनुराग, विवेक, बबलू, राकेश, महेश, कौशल किशोर, कपिल, राजेंद्र, रामकेश आदि मौजूद रहे।





