
राहुल उपाध्याय राजेश जोशी
Bahraich news Today। बहराइच जनपद के मिहींपुरवा विकासखंड के ब्लॉक सभागार में शनिवार को जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी, उपनिवेशवाद विरोधी संघर्ष के नायक और आदिवासी अस्मिता के प्रतीक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में धूमधाम से मनाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिश्रीख सांसद अशोक रावत तथा विशिष्ट अतिथि बहराइच सांसद डॉ. आनंद गोंड रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर और बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों का स्वागत अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनीराम थारू ने अंगवस्त्र पहनाकर एवं भगवान बिरसा मुंडा का चित्र भेंटकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय द्वारा की गई।

समारोह में जनजाति समाज के बच्चों द्वारा थारू संस्कृति पर आधारित स्वागत गीत और आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। माधवपुर प्रधान प्रतिनिधि प्रेमचंद राजभर एवं उनकी टीम ने मनमोहक लोकगीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि अशोक रावत ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने देश की आजादी, आदिवासी अस्मिता और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए जो अद्वितीय संघर्ष किया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
विशिष्ट अतिथि डॉ. आनंद गोंड, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय, बलहा विधायक सरोज सोनकर तथा एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष मनीराम थारू ने भी बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए समाज को प्रेरक संदेश दिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अभिषेक वर्मा, जनजाति समाज की महिला नेत्री माधुरी, धनश्याम थारू, केशवराम थारू, श्रवण कुमार, सुरेश कुमार, भाजपा नेत्री शांति रावत, दीपक चौधरी सहित सैकड़ों की संख्या में जनजाति समाज के लोग, कार्यकर्ता और भाजपा नेता मौजूद रहे।
विकास खंड परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा जनहितकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। कार्यक्रम के समापन से पूर्व मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले जनजाति समाज के प्रतिभाशाली बच्चों को नगद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र एवं लंच बॉक्स देकर सम्मानित किया।







