नहर में युवक का शव मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

Lucknow news today । लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र के हसनपुर कनेरी गांव में गुरवार की सुबह माइनर नहर में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में जांच-पड़ताल की।पुलिस जांच में मृतक की पहचान 26 वर्षीय शैलेंद्र कुमार पुत्र गंगा प्रसाद निवासी पान कुंवर खेड़ा, हिलौली थाना मौरावां जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक की रिश्तेदारी हसन पुर कनेरी में है, जहां वह अक्सर आया-जाया करता था।पुलिस के अनुसार शव पर किसी प्रकार की कोई जाहिरा चोट नहीं पाई गई है।घटनास्थल की स्थिति देखकर प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि युवक नशे की हालत में शौच के बाद नहर में हाथ-मुंह धोने के लिए उतरा होगा, तभी फिसलकर मुंह के बल गिर गया और उठ नहीं पाया। शव मिलने के समय उसकी पैंट भी उतरी हुई अवस्था में थी।इस संबंध में नगराम थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि, प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। शव पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं मिले हैं। पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।ग्रामीणों का कहना है कि युवक पहले भी गांव आता-जाता रहता था और अक्सर नशे की हालत में रहता था। ग्रामीणों के मुताबिक, वह सुबह से ही शराब पीना शुरू कर देता था और नशे में गाली-गलौज भी करता था।परिजनों ने भी पुलिस को दिए बयान में आशंका जताई है कि शैलेंद्र की मौत नशे की हालत में फिसलने से हुई होगी। परिजनों का कहना है कि, हमें किसी प्रकार की हत्या या मारपीट की आशंका नहीं है। वह नशे का आदी था, संभवतः इसी कारण यह हादसा हुआ।पुलिस का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।