अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल पीआरडी जवान की इलाज के दौरान मौत, गांव में शोक.

रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

Lucknow news today । मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के मऊ गांव निवासी पीआरडी जवान 59 वर्षीय इंद्र बहादुर सिंह की गुरुवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। दो माह से अधिक समय तक जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे इंद्र बहादुर सिंह के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण ट्रामा सेंटर पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 29 अक्टूबर की रात इंद्र बहादुर सिंह ड्यूटी के लिए अपने घर मऊ से निगोहां की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गौरा तिराहे के पास रात करीब दस बजे किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर-2 में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत नाजुक बताई।लगभग दो महीने से अधिक समय तक इंद्र बहादुर सिंह अस्पताल में बेसुध अवस्था में भर्ती रहे। कुछ समय बाद होश में आने पर चिकित्सकों ने उन्हें घर भेज दिया था, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उन्हें दोबारा ट्रामा सेंटर-2 लेकर पहुंचे, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।मौत की खबर मिलते ही पत्नी तारा सिंह, पुत्र हर्षित सिंह, गजेंद्र सिंह व हेमेंद्र सिंह सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पीजीआई पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।ग्रामीणों ने बताया कि इंद्र बहादुर सिंह मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे। वर्षों से पीआरडी जवान के रूप में सेवा दे रहे थे। उनके आकस्मिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की भी मांग की गई है।