अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुन्देलों ने भरी हुंकार : गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा का चौथा चरण प्रारंभ

Alag bundelakhnd ki mang : अपने राज्य को अलग बनाने की सरकार से मांग को लेकर बुन्देलों ने एक बार फिर से हुंकार भरी है। आज महोबा जनपद से बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर चल रही “गांव-गांव, पांव-पांव यात्रा” का चौथा चरण आज श्रृंगी ऋषि आश्रम, खरेला (जनपद महोबा) से भव्य रूप से प्रारंभ हुआ। यात्रा का नेतृत्व आदरणीय राजा बुंदेला जी (उपाध्यक्ष, बुंदेलखंड विकास बोर्ड एवं अध्यक्ष, बुंदेली सेना) ने किया।

इस अवसर पर राजा बुंदेला जी ने नगरवासियों को संबोधित करते हुए पृथक बुंदेलखंड राज्य की आवश्यकता और औचित्य को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन बुंदेलखंड के भविष्य की लड़ाई है। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र से लगभग 68 प्रतिशत पलायन हो रहा है, जिसका मुख्य कारण रोजगार की कमी है। क्षेत्र के लोग रोजी-रोटी के लिए बड़े शहरों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं।
राजा बुंदेला ने कहा कि बुंदेलखंड राज्य बनने से किसानों और मजदूरों का पलायन रुकेगा तथा चपरासी से लेकर उपजिलाधिकारी तक के अनेक पद सृजित होंगे, जिनमें बुंदेलखंड के युवाओं को रोजगार मिलेगा।

कार्यक्रम को संतोष कुमार सिंह (चेयरमैन, खरेला), प्रताप बुंदेला (किसान नेता) एवं शिवम चौहान (जिलाध्यक्ष, बुंदेली सेना, जालौन) जयराम सिंह बछेउरा, सुरेंद्र पाल सिंह,कालूराम प्रजापति, श्रीमती दीपाली सिंहा चेयमैन बुंदेलखंड एकता फाउंडेशन ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि बुंदेलखंड राज्य अवश्य बनेगा और राज्य बनने के बाद विकास के नए मापदंड तय करेगा। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा बुंदेलखंड की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाने और जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित की गई है।

यात्रा के दौरान जगह-जगह “बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे” के नारे गूंजते रहे तथा विभिन्न स्थानों पर पदयात्रियों का जोरदार स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों ने पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण के लिए एकजुट होकर साथ चलने का संकल्प लिया।

रिवई,जितौरा,सहित कई ग्रामों में भी यात्रा निकाली गई
उल्लेखनीय है कि यह पदयात्रा पहले चरण में ललितपुर, झांसी, उरई (जालौन), हमीरपुर से होकर गुजर चुकी है और अब महोबा जनपद के खरेला नगर से चौथे चरण का भव्य शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर राजा बुंदेला जी के साथ सुबोध सिंहा एकता फाउंडेशन, अमित पटेरिया,सर्वेश सिंह मुखिया, संजय राज बुंदेला,रघुराज यादव बांदा, राजा पाण्डेय , धर्मेंद्र सूर्यवंशी , राजेंद्र तिवारी पत्रकार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।