अलग बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर निकल रही पदयात्रा को मिल रहा लोगों का समर्थन,, हर तरफ गूंजा जय जय बुंदेलखंड

Alag bundelkhand ki mang : बुंदेलखंड संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में पृथक बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर चल रही “गांव-गांव, पांव-पांव पदयात्रा” को क्षेत्र में लगातार अपार जनसमर्थन मिल रहा है। आज यह पदयात्रा गिरवर, मसूदपुरा, बराना, वेदों, महुआ, भरवारा एवं सुगरा गांवों से होकर गुज़री, जहां ग्राम सभाओं में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।

इस जनआंदोलन में युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक स्वर में पृथक बुंदेलखंड राज्य के निर्माण की मांग को मजबूती से उठाया। पदयात्रा के माध्यम से लोगों को बुंदेलखंड की ज्वलंत समस्याओं, विकास में हो रही उपेक्षा और अलग राज्य की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया गया।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे मशहूर अभिनेता राजा बुंदेला (उपाध्यक्ष, बुंदेलखंड विकास बोर्ड एवं अध्यक्ष, बुंदेली सेना) ने कहा कि पृथक बुंदेलखंड राज्य बनने से क्षेत्र को अपना मुख्यमंत्री, अपना प्रशासनिक ढांचा और प्रभावी शासन व्यवस्था मिलेगी। इससे बुंदेलखंड में बेहतर मेडिकल सुविधाएं, आधुनिक अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय, कॉलेज, तथा स्थानीय युवाओं के लिए शिक्षा और रोज़गार के पर्याप्त अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि आज इलाज, शिक्षा और नौकरी के लिए लोगों को बाहर जाना पड़ता है, लेकिन अलग राज्य बनने पर हमारे बच्चों को यहीं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोज़गार और दवाइयों की समुचित सुविधाएं मिल सकेंगी।
शिवम् चौहान सोनू ,प्रताप बुंदेला, कालूराम प्रजापति जी ने भी ग्रामीणों को संबोधित किया
उन्होंने यह भी कहा कि यह सपना किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे बुंदेलखंड का है, और इसे हम सब मिलकर ही पूरा कर सकते हैं।

पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया और आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया। यह पदयात्रा आगे भी निरंतर जारी रहेगी और बुंदेलखंड की आवाज़ को राजधानी तक मजबूती से पहुंचाएगी।
इस अवसर पर नेतृत्व कर रहे राजा बुंदेला के साथ विजय बहादुर सिंह,भान सिंह, राघवेन्द्र सिंह, सर्वेश सिंह, विकास लखेरा,फूल सिंह राजपूत प्रधान महुआ,डॉ योगेंद्र राजपूत, भानू प्रताप अन्य सैकड़ों की संख्या में बुंदेली सैनिक मौजूद रहे l