रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन के श्रीवीर हनुमान बालाजी मंदिर में आयोजित नवकुंडीय श्रीसीताराम महायज्ञ, श्रीरामलीला महोत्सव व श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन कथावाचक पंडित अंकित पचौरी ने श्रीकृष्ण बाललीला, कालियामसन मर्दन व गोवर्धन पूजा का वर्णन किया। रात में धनुष यज्ञ की लीला का मंचन किया गया। जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध को गए।
उरई रोड स्थित वीरबालाजी हनुमान मंदिर परिसर में धार्मिक आयोजन की श्रृंखला में श्रीभैरवजी रामलीला व नाट्य मंडल के कलाकारों द्वारा रामलीला का मंचन किया जा रहा है। जिसके पांचवें दिन धनुष यज्ञ की लीला का मंचन किया गया। रामलीला पांडाल में जनकपुरी दरबार का आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किया गया। राजा जनक द्वारा सीता स्वयंवर की घोषणा और भगवान शिव के दिव्य धनुष को उठाने की शर्त का प्रसंग दर्शकों ने बड़े उत्साह के साथ देखा। मंच पर जब विभिन्न राजाओं ने धनुष उठाने का प्रयास किया और असफल रहे तो वातावरण रोमांच से भर गया। इसके बाद गुरु विश्वामित्र के आदेश पर भगवान श्रीराम ने सहज भाव से शिव धनुष को उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया। जैसे ही धनुष टूटा, पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। सीता स्वयंवर का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा। माता सीता द्वारा श्रीराम को वरमाला पहनाकर विवाह संपन्न हुआ। वहीं, कथा व्यास पंडित अंकित पचौरी ने श्रीकृष्ण बाललीला, कालियामसन मर्दन व गोवर्धन पूजा का वर्णन किया। यज्ञाचार्य पंडित अमित तिवारी ने नव कुंडीय श्रीसीताराम महायज्ञ में आहूतियां कराईं। इस दौरान भक्त यज्ञशाला की परिक्रमा करते रहे।






