रील का खुमार, मौत से टकराव! एक्सप्रेस ट्रेन की छत पर चढ़े युवक ने रोकी ट्रेन, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

UP News Today । यूपी के प्रतापगढ़ से एक बहुत ही सनसनीखेज मामला मीडिया के प्रकाश में आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार प्रतापगढ़  में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत ने एक युवक को मौत के मुहाने तक पहुंचा दिया। मामला प्रतापगढ़ जंक्शन का है, जहां एक युवक अचानक काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस की छत पर चढ़ गया। ट्रेन के ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइनें किसी भी पल उसकी जान ले सकती थीं, जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ट्रेन की छत पर कभी खड़ा होता तो कभी लेटने की कोशिश करता दिखाई दिया। यह खतरनाक मंजर देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। इस दौरान कई लोग घटना का वीडियो बनाने में जुटे रहे।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (RPF/GRP) के जवान मौके पर पहुंचे और तुरंत कार्रवाई शुरू की। एक पुलिसकर्मी ने जान जोखिम में डालते हुए ट्रेन की छत पर चढ़कर युवक को काबू में लिया और सुरक्षित नीचे उतार लिया। पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के कारण काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को काफी देर तक स्टेशन पर रोकना पड़ा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

चेतावनी: रेलवे ट्रैक या ट्रेन की छत पर चढ़ना न केवल कानूनन अपराध है बल्कि जानलेवा भी हो सकता है। सोशल मीडिया की दिखावे की दुनिया के लिए अपनी जान जोखिम में डालना भारी पड़ सकता है।