रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर में ईद के पर्व को देखते हुए नगर के बाजार में रौनक अपने चरम पर पहुंच गई है। गुरुवार को देर रात तक बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ी रही। बाजार रंग-बिरंगी रोशनी, सजी हुई दुकानों और खुशियों के माहौल से गुलजार नजर आया। लोग अपने परिवार के साथ ईद की तैयारियों में जुटे नजर आए।
सबसे अधिक भीड़ सेवइयों की दुकानों पर देखने को मिली। अलग-अलग प्रकार की जैसे बारीक सेवई, दूध वाली सेवई और खास ईद स्पेशल सेवई ने लोगों को आकर्षित करती नजर आई। इसके साथ ही सूखे मेवे, खजूर और शरबत की भी जमकर बिक्री हो रही है। कपड़ों की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखी गई। लोगों ने नए-नए डिजाइन के कुर्ता-पायजामा, शेरवानी, पठानी सूट, सलवार-सूट और बच्चों के लिए आकर्षक कपड़ों की खरीद की। युवाओं में ट्रेंडिंग फैशन को लेकर खास उत्साह नजर आया। वहीं महिलाएं भी अपने लिए सुंदर और डिजायनर कपड़े खरीदती नजर आईं। बच्चों की खुशी देखते ही बन रही है, जो अपने पसंदीदा कपड़े और सामान लेने के लिए परिवार के साथ बाजार पहुंचे। टोपी और इत्र की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। सफेद और कढ़ाईदार टोपियां, रंगीन टोपी और विभिन्न प्रकार के इत्र की खरीदारी की गई। नमाज के लिए नई टोपी खरीदना और इत्र लगाना ईद की खास परंपरा मानी जाती है, इसलिए लोग इनकी खरीदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं। ईद के पर्व को लेकर गुरुवार को बाजार में देर रात तक चहल-पहल बनी रही। दुकानदारों ने भी ग्राहकों की सुविधा के लिए देर रात तक दुकानें खुली रखीं। कई स्थानों पर खाने-पीने की दुकानों पर भी भीड़ नजर आई, जहां लोग खरीदारी के साथ-साथ स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लेते दिखे।
इस समय अदा होगी ईद की नमाज शहर काजी ने की ये अपील
जालौन। ईद के मौके पर ईदगाह नगर जालौन में ईद की नमाज़ सुबह 8ः15 बजे, मदरसा मस्जिद चिमनदुबे में ईद की नमाज़ 8ः45 बजे और मरकज जामा मस्जिद रापटगंज़ में ईद की नमाज सुबह 9ः15 बजे अदा की जाएगी। वाले वाली मस्जिद में 7ः45 बजे, बड़ी मस्जिद ईदगाह में 9ः15 बजे और तकिया मस्जिद में 9ः30 बजे ईद की नमाज अदा की जाएगी। शहर काजी मौलाना साबिर और मौलाना सुल्तान अहमद ने अपील करते हुए कहा कि सभी नमाजी समय से मस्जिद पहुंचकर ईद की नमाज अदा करें।






