
Lucknow news today। लखनऊ के सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के नटुकुर मैदान में विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में आयोजित भव्य “धर्म उत्सव सरोजनीनगर” में 15 हजार से अधिक राम भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भक्ति, भाव और श्रद्धा के अद्भुत संगम बने इस आयोजन में भजन सम्राट कन्हैया मित्तल की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को राममय कर दिया। “जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे” जैसे भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें प्रारंभिक प्रस्तुति किशोर चतुर्वेदी ने दी।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने संबोधन में कन्हैया मित्तल के संघर्ष और सफलता की यात्रा का उल्लेख करते हुए उन्हें प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने कहा कि सरोजनीनगर को विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक, धार्मिक और आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित करना उनका संकल्प है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अब तक 220 मंदिरों का सुंदरीकरण एवं जीर्णोद्धार किया जा चुका है और रामरथ श्रवण यात्रा के माध्यम से हजारों लोगों को अयोध्या दर्शन कराए गए हैं।कन्हैया मित्तल ने अपने संबोधन में सरोजनीनगर में “श्याम रथ यात्रा” शुरू करने और लखनऊ में खाटू श्याम मंदिर निर्माण का प्रस्ताव रखा, जिसे विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहर्ष स्वीकार किया। इस घोषणा का श्रद्धालुओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।सुव्यवस्थित प्रबंधन, सुरक्षा, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं के बीच यह आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों को जारी रखने का संकल्प दोहराया।






