लखनऊ में NSUI कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन,,यह था मुद्दा

Lucknow news today। नीट, लेखपाल और यूपी एसआई परीक्षा सहित तमाम प्रतियोगी परीक्षाओं के लीक होने के विरोध में एवं पेपर लीक के विरोध में आवाज उठा रहे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में आज भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ एवं उ0प्र0 राष्ट्रीय छात्र संगठन मध्य के अध्यक्ष अनस रहमान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से निकलकर पैदल मार्च करते हुए राजभवन घेराव के लिए कूच किया। जहां पर रास्ते में लाल बहादुर शास्त्री मार्ग से पहले पुलिस द्वारा भारी बैरीकेडिंग करके रोका गया। एनएसयूआई के कार्यकर्ता आगे जाने के लिए बैरीकेडिंग पर चढ़ गये जिन पर पुलिस द्वारा लाठी, डण्डे से मारा गया जिसमें एक कार्यकर्ता बेहोश हो गया जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके उपरान्त एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर बसों में भरकर इको गार्डेन ले जाया गया जहां से देर सायं रिहा किया गया।

इस मौके पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि आज एनएसयूआई के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध कर रहे हैं क्योंकि प्रदेश में भाजपा सरकार प्रतियोगी परीक्षाएं कराने में पूरी तरह असफल है। नीट पेपर लीक के विरोध में एनएसयूआई प्रदेश और देश में आंदोलन कर रही है। इस पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। उन्होने कहा कि भारी पुलिस बल की तैनाती से यह साफ है कि भाजपा सरकार के अंदर पूरी तरह डर समाया हुआ है। सरकार पेपर माफियाओं को संरक्षण दे रही है। उन्होने कहा कि पेपर लीक की वजह से जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खो दिया है हम उन परिवारों से मिले और उनका दर्द बांटा। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीड़ित परिवारों का दुख दर्द बांटा है। इन छात्रों का सपना था कि अपने परिवार को गरीबी से निकालें उनकी सेवा करें। उन्होने इस मौके पर मांग की है मृतक छात्रों के परिजनों को आर्थिक मुआवजा दिया जाए, एनटीए पर पाबंदी लगायी जाए और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान तत्काल इस्तीफा दें।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अनस रहमान ने कहा कि हम लोग राहुल गांधी के सिपाही हैं रूकने वाले नहीं है। यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। हमारे कितने भी साथियों पर कार्यवाही हो जाए, एनएसयूआई के कार्यकर्ता छात्रों और बेरोजगारों की आवाज उठाते रहेंगे।

प्रदर्शन में प्रमुख रूप से एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष आफताब अहमद, जिलाध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रनव पाण्डेय, सौरभ, रिषभ पाण्डेय, देवकी पटेल, मोहम्मद नईम सहित सैंकड़ों की संख्या में एनएसयूआई के कार्यकर्ता शामिल रहे।