पैतृक प्लॉट पर कब्जा का आरोप,, एसडीएम से लगाई गुहार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में पैतृक बंटवारे में पिता को मिले मकान के गिरने के बाद प्लॉट पर पारिवार के ही व्यक्ति द्वारा कब्जा कर अवैध रूप से निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने एसडीएम को शिकायती पत्र दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भदवां निवासी हाल निवासी मोहल्ला तोपखाना चंद्रशेखर ने एसडीएम रिंकू सिंह राही को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव में उनके पूर्वजों के दो मकान थे। पैतृक बंटवारे में उसके पिता रामप्रकाश को एक मकान मिला था। कुछ समय बाद उसके पिता जालौन में आकर रहने लगे और गांव का मकान खाली पड़ा रहा। खाली मकान देखकर उसके परिवार के ही एक सदस्य ने कई बार मकान पर कब्जा करने की कोशिश की। इसी बीच पिता की मृत्यु हो गई और देखरेख न होने की वजह से मकान गिर गया। वहां पर प्लॉट जैसा बन गया। इसी का फायदा उठाकर कुछ दिन पहले पारिवारिक सदस्य ने रात में ही इस प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। जानकारी होने पर जब वह गांव पहुंचा तो उसे भगा दिया गया। पीड़ित ने एसडीएम से उसकी जगह पर हो रहे निर्माण कार्य को रूकवाने की मांग की है।

जालौन के जल संस्थान से आ रहा गन्दा पानी ,लोगों ने की ये मांग

जालौन। डाकघर के पास स्थित घरों में लगभग 20 दिनों से जल संस्थान के नल में गंदा पानी आ रहा है। जिसके चलते मोहल्ले के लोग परेशान हैं। हालांकि जल संस्थान लीकेज सही करा रहा है। तब तक मोहल्ले के लोगों ने वैकल्पिक व्यवस्था कराने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला भवानीराम निवासी अजय कुमार पटसाराया, अंजनी कुमार शुक्ला, मदरेश उदैनिया, माजिद खान, हामिद खान, रामगोविंद तोमर, विवेक पटसारिया, संजय शर्मा, विजय पटसारिया आदि ने बताया कि नगर के उप मुख्य डाकघर के पास स्थित घरों में बीते लगभग 20 दिनों से जल संस्थान के नलों से गंदा पानी आ रहा है। बताया कि नल बंद करने के बाद जब उन्हें चालू किया जाता है तो शुरूआत में दुर्गंधयुक्त गंदा पानी आता है। जिसके चलते वह पानी पीने और नहाने योग्य भी नहीं है। बताया कि यह पानी पीने से स्वास्थ्य को खतरा है। मोहल्ले के लोगों को काफी दूर से हैंडपंप से पीने योग्य पानी लाना पड़ता है। जिससे दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। बताया कि इस संबंध में जल संस्थान में भी सूचना दी गई है। जल संस्थान द्वारा लीकेज चेक भी कराए गए हैं लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने डीएम से मांग करते हुए कहा कि जब तक समस्या का समाधान नहीं होता है तब तक उन्हें या तो दूसरी लाइन से कनेक्शन दिया जाए अथवा मोहल्ले के लोगों के लिए पेयजल की कोई अन्य वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। इस बाबत जेेई आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि पाइप लाइन चेक की जा रही है। कुछ जगहों पर लीकेज भी बंद कराए गए हैं यदि अन्य जगह भी लीकेज है तो उसे भी देखा जा रहा है।