न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला,,पीड़ित ने लगाया यह बड़ा आरोप, जांच शुरू

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में लगभग चार माह पूर्व युवक का शव पेड़ पर लटका मिला था। मृतक के पिता ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया था। कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज न होने पर मृतक के पिता ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ अपहरण व हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम एदलपुर निवासी मुकेश कुमार ने न्यायालय को बताया कि उसके गांव के ही पवन पुत्र रामसेवक की मृत्यु दिनांक 21 दिसंबर 2025 को ट्रैक्टर से गिरकर हो गई थी। इस दुर्घटना में मृतक के पिता रामसेवक उनके बेटे अजीत को दोषी मानते हैं, इसी को लेकर वह उसके परिवार से रंजिश मानने लगे। आरोप लगाया कि रामसेवक ने उसी समय गांव में कहा था कि वह तीन माह के अंदर उनके घर से भी शव उठवाकर मानेंगे। बीती 16 मार्च को उनका बेटा विक्की शाम करीब छह बजे खेत पर मूंग देखने के लिए गया था। जब वह रात आठ बजे तक लौटकर घर नहीं पहुंचा तो उसकी तलाश की। रात में उसका कहीं पता नहीं चला। सुबह जब और लोगों से जानकारी की तो पता चला कि कुछ लोगों ने रात करीब आठ बजे गांव के ही अर्जुन, रामनरेश को उन्होंने विक्की को अपने साथ बाइक से ऐदलपुरा से दहगुवां की ओर ले जाते देखा था। उसी सुबह जानकारी मिली कि उनके बेटे का शव बड़े लला गुर्जर के खेत में नीम के पेड़ पर फांसी फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया था। आरोप लगाया कि उन लोगों ने विक्की का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी और उसे आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया। अंतिम संस्कार के बाद जब वह कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पहुंचे तो उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। जिसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली है। न्यायालय के आदेश पर शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी अर्जुन, रामसेवक, रामनरेश, संतोष व रविंद्र के खिलाफ अपहरण व हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।