रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन नगर पालिका परिषद द्वारा नगर के वार्ड नंबर तीन मोहल्ला जोशियाना में तालाब का सुंदरीकरण कराकर उसे आकर्षक बनाया गया था। सरकार और नगर पालिका की मंशा थी कि तालाब के सुंदरीकरण से क्षेत्र का वातावरण बेहतर होगा और लोगों को स्वच्छ सार्वजनिक स्थान मिलेगा। लेकिन सुंदरीकरण के कुछ समय बाद ही तालाब फिर से गंदगी का शिकार बन गया है।
नगर के मोहल्ला जोशियाना में स्थित तालाब का पिछले वर्ष सुंदरीकरण कराया गया था। सुन्दरीकरण के बाद भी आसपास के कुछ लोग तालाब और उसके किनारे कूड़ा डाल रहे हैं। इसके साथ ही कई लोग तालाब के पानी में गंदे कपड़े धो रहे हैं, जिससे तालाब का पानी तेजी से दूषित हो रहा है। गंदगी और साबुन के पानी के कारण तालाब का पानी बदबूदार हो गया है और उसमें कचरा तैरता दिखाई दे रहा है। तालाब की दुर्दशा देखकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि लाखों रुपये खर्च कराए गए सुंदरीकरण का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। एक ओर सरकार स्वच्छता और जल संरक्षण की बात करती है, वहीं दूसरी ओर लोगों की लापरवाही से यह तालाब फिर से गंदा हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि तालाब पर निगरानी बढ़ाई जाए और कूड़ा डालने व कपड़े धोने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही तालाब के चारों ओर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और नियमित सफाई की व्यवस्था की जाए ताकि तालाब का सुंदरीकरण सार्थक हो सके।
EO ने कही यह बात
इस सम्बंध में नगर पालिका के ईओ सुशील कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही तालाब की नियमित सफाई और रखरखाव के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे।





