रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन नगर में शनिवार रात एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में हड़कंप मच गया। रात करीब नौ बजे एक कुत्ते ने अलग-अलग मोहल्लों में घूमकर लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उसने लगभग एक दर्जन लोगों को काटकर घायल कर दिया। घायल मरीजों ने सीएचसी पहुंचकर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाए।
नगर क्षेत्र के मोहल्ला चिमनदुबे में शनिवार की रात करीब नौ बजे एक आवारा कुत्ता पहुंच गया। जहां उसने वली मोहम्मद (65) को अपना निशाना बनाया। जब लोगों ने कुत्ते को वहां से भगाया तो वह तोपखाना मोहल्ले में पहुचं गया। इसके बाद मुरली मनोहर, नरोभास्कर, चौधरयाना, दबगरान मोहल्लों में पहुंचकर उसने लोगों को निशाना बनाया। अलग-अलग स्थानों पर लोगों को काटने के बाद कुत्ते के आतंक से लोगों में अफरातफरी मच गई। कुछ लोगों ने कुत्ते को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह इधर-उधर भागता रहा। कुत्ते के हमले में चिमन दुबे निवासी बली मोहम्मद (65), मुरली मनोहर निवासी मोहम्मद सलीम (48) व हामिद शाह (75), तोपखाना निवासी अनवर शाह (70), मुख्तार (40) व अमिताभ (50), नरोभास्कर निवासी जुनैद (32), चौधरयाना निवासी सुधीर (40), दबगरान निवासी रमेश (40) आदि घायल हुए। घटना के बाद घायलों और उनके परिजनों में अफरातफरी मच गई। घायल लोगों को आनन-फानन में सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों उन्हें प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन भी लगाई। नगर के लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि हमलावर कुत्ते को तत्काल पकड़कर नगर से बाहर किया जाए।










