रिपोर्ट एस एम अरशद
UP T 20 news today । बल्लेबाज स्वास्तिक चिकारा (82 रन, 45 गेंद, 9 चौके, 4 छक्के) की तूफानी पारी के बाद कार्तिक त्यागी की तेज गेंदबाजी के दम पर मेरठ मावेरिक्स ने यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के पांचवें मुकाबले में गौर गोरखपुर लायंस को 36 रन से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
मेरठ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सीजन का अब तक का सबसे बड़ा 206 रन का स्कोर बनाया और उसका सफलतापूर्वक बचाव किया। वह सीजन में पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बनी।
भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले की शुरुआत उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पाण्डेय ने टॉस कराकर और पारंपरिक ढंग से घंटा बजाकर की। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह, पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मंत्री मनोज पाण्डेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट को लेकर जिस तरह का उत्साह और प्रतिभा देखने को मिल रही है, वह प्रदेश के लिए गौरव की बात है। यूपी टी-20 लीग युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ बड़े मंच पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव दे रही है।
डॉ. संजय कपूर ने कहा कि यूपी टी-20 लीग का सफर लगातार आगे बढ़ रहा है और इस सीजन में भी मुकाबलों को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश के क्रिकेटरों को ऐसा मंच मिले, जहां वे अपनी मेहनत और क्षमता के दम पर आगे बढ़ सकें।
औपचारिक शुरुआत के बाद गौर गोरखपुर लायंस के कप्तान आर्यन जुयाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन मेरठ के सलामी बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया।

स्वास्तिक चिकारा और ऋतुराज शर्मा ने 4.2 ओवर में टीम ने 50 रन पूरे किए और पावरप्ले के छह ओवर में टीम का स्कोर 69 रन हो गया। दोनों के बीच 86 रन की साझेदारी को नौवें ओवर में निशांत ठाकुर ने ऋतुराज शर्मा (44 रन, 30 गेंद, 5 चौके, दो छक्के) को आउट कर तोड़ा।
चिकारा ने इसके बाद 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। चिकारा ने अक्षय दुबे के साथ 62 रन की साझेदारी की। हालांकि 16वें ओवर में गौर गोरखपुर लायंस से राहुल शर्मा ने लगातार दो विकेट लेकर मेरठ को झटका दिया लेकिन चिकारा ने आक्रामक अंदाज अपनाये रखा।
इस दौरान चिकारा ने यूपी टी-20 लीग में अपने 100 छक्के पूरे कर खास उपलब्धि हासिल की। वह लीग में यह मुकाम हासिल करने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। उनसे पहले कानपुर सुपरस्टार्स के कप्तान समीर रिजवी यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
चिकारा 18वें की दूसरी गेंद पर आउट हुए। इसके बाद कप्तान रिंकू सिंह ने तेजी से रन बटोरे और 25 रन और दिव्यांश राजपूत ने 13 रन बनाए।
मेरठ ने छह विकेट पर 206 रन बनाए। जवाब में 207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरे गोरखपुर लायंस ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और 10 ओवर में पांच विकेट पर 56 रन बना लिए।
सिद्धार्थ यादव ने 22 गेंदों पर 40 रन की पारी खेलकर वापसी की कोशिश की। उन्होंने 12वें ओवर में जीशान अंसारी के खिलाफ 19 रन बटोरे। उन्होंने निशांत कुशवाहा के साथ 47 रन की साझेदारी की लेकिन 15वें ओवर में जीशान अंसारी ने सिद्धार्थ को आउट कर यह साझेदारी तोड़ दी।
18वें ओवर में निशांत ठाकुर ने विशाल चौधरी के खिलाफ लगातार चार छक्के लगाकर मुकाबले में रोमांच पैदा कर दिया। हालांकि मेरठ के तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने अगले ही ओवर में 143 किमी/घंटा की रफ्तार वाली यॉर्कर पर ठाकुर को बोल्ड कर दिया। त्यागी ने चार ओवर में 18 रन देकर दो विकेट लिए। गोरखपुर की टीम नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी।
मेरठ की जीत का अंत भी यादगार रहा। अंतिम गेंद पर कप्तान रिंकू सिंह ने शानदार कैच लपककर टीम की 36 रन की जीत पर मुहर लगा दी।
मेरठ टॉस हारने के बाद जीत दर्ज करने वाली और पहले बल्लेबाजी करते हुए जीतने वाली सीजन की पहली टीम बनी। 206 रन सीजन का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा। कार्तिक त्यागी ने 149 किमी/घंटा की रफ्तार से गेंद फेंककर सीजन की सबसे तेज गेंद का रिकॉर्ड भी बनाया।
पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तमपुकारन्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़





