रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन नगर में एक व्यक्ति द्वारा अपने भाई के नाम मकान लिखवाने के बाद रुपये न मिलने से परेशान व्यक्ति द्वारा फांसी लगाकर आत्म हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने आरोपी तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सहावनाका निवासी प्रदीप कुमार का सात माह का बेटा धीरज काफी समय से बीमार चल रहा था और उसका ग्वालियर में उपचार चल रहा था। बेटे का इलाज कराने के लिए उसने मोहल्ला घुआताल निवासी राजबहादुर यादव से दो लाख रुपये उधार लिए थे। इसके एवज में मकान का मुहायदा किया गया था। मृतक की पत्नी शीला देवी ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उधार ली गई रकम में से करीब डेढ़ लाख रुपये वापस किए जा चुके थे। इसके बावजूद मकान वापस नहीं किया गया। बाद में राज बहादुर यादव ने छह लाख रुपये में मकान लेने की बात कही। आरोप लगाया कि राजबहादुर यादव और उनके भाई एवं दस्तावेज लेखक माताप्रसाद ने आपसी सांठगांठ करके मकान राजबहादुर के भाई के नाम करा दिया और रुपये चेक के माध्यम से देने की बात कही। बाद में उन्होंने चेक को वापस रख लिया और दो दिनों में नकद रुपये देने की बात कही। लेकिन रुपये नहीं दिए। जब 14 अगस्त को प्रदीप रुपये मांगने गया तो उसे जातिसूचक गालियां दी गई और उसे वहां से भगा दिया गया। इसके बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था और शनिवार की रात उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। खुदकुशी से पूर्व उन्होंने तीनों लोगों पर धोखाधड़ी करने और रुपये न देने का आरोप लगाया था। पीड़िता की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।
मृतक की पत्नी ने लगाया आरोप
जालौन। मृतक की पत्नी शीला देवी ने आरोप लगाया कि राजबहादुर मूल रूप से जालौन के निवासी नहीं हैं, बल्कि कानपुर देहात के रहने वाले हैं। काफी समय पहले वह रिश्तेदारी के चलते जालौन आए थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, उस समय उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन पिछले करीब दो दशकों में उन्होंने करोड़ों रुपये की संपत्ति कर ली है। यदि उनकी चल-अचल संपत्तियों की निष्पक्ष और विस्तृत जांच कराई जाए तो कई तथ्य सामने आ सकते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी संपत्ति अर्जित करने के लिए उनकी आय के क्या स्रोत रहे हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि संबंधित प्रकरण केवल एफआईआर दर्ज होने तक सीमित रहता है या जांच आगे बढ़ने पर उनकी चल-अचल संपत्तियों और संपत्ति अर्जित करने के स्रोतों का भी ब्योरा जुटाया जाता है।
कोतवाली पहुंचा दो पक्षों में हुए विवाद का मामला
जालौन। दो पक्षों के बीच हुए विवाद का मामला कोतवाली पहुंचा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला चिमनदुबे निवासी बकरीदन ने पुलिस को बताया कि रंजिश के चलते शनिवार की रात उसके बेटे हसन को रास्ते में रोककर कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। जिसमें उसको चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष से खटीकान निवासी इमराना ने पुलिस को बताया कि बकरीदन और उनका बेटे के साथ उनके अन्य साथी जबरन उसके घर में घुसकर गाली, गलौज और मारपीट की। बकरीदन के बेटे ने दीवार पर सिर मारकर खुद को घायल कर लिया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।










