लखनऊ कांग्रेस कार्यालय में बवाल, जूते-चप्पल चलने से मचा हड़कंप; अजय राय की नाराजगी ने बढ़ाई मुश्किल….

Oplus_131072

रिपोर्ट गोपाल कुमार सिंह

लखनऊ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नेताओं के बीच विवाद ने तूल पकड़ लिया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कार्यालय में जमकर हंगामा हुआ और जूते-चप्पल चलने की नौबत आ गई। इस घटनाक्रम के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की नाराजगी भी चर्चा का विषय बन गई। बताया जा रहा है कि एक महिला नेता के कथित दुर्व्यवहार से आहत अजय राय कार्यालय से बाहर जाकर बैठ गए, जिसके बाद उनके समर्थकों में भी नाराजगी देखने को मिली।
दरअसल, कांग्रेस कार्यालय में आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर नेताओं के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हंगामे का रूप ले लिया और कार्यक्रम का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
अजय राय के नाराज होकर बाहर बैठने की सूचना के बाद पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी उन्हें मनाने और नाराजगी दूर करने की कोशिश में जुटे रहे। पार्टी नेताओं की कोशिश थी कि विवाद को शांत कर कार्यक्रम की आगे की कार्यवाही सामान्य ढंग से पूरी कराई जाए।
वहीं, पदभार ग्रहण समारोह के बाद प्रस्तावित प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारियां भी चल रही थीं। लेकिन अजय राय के प्रेस कॉन्फ्रेंस में साथ नहीं आने की चर्चा ने राजनीतिक अटकलों को बढ़ा दिया।
फिलहाल, विवाद की असल वजह और संबंधित नेताओं का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। ऐसे में पूरे घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।