पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के लौना में हनुमान मंदिर के आसपास फैली गंदगी से पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। धार्मिक स्थल के आसपास गंदगी होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने बीडीओ से सफाई व्यवस्था दुरूस्त कराने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम लौना निवासी शैलेंद्र सिंह भदौरिया, शैलू भदोरिया, संतोष, पवन, नरेंद्र आदि ने बताया कि गांव में स्थित हनुमान मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रृद्धालु दर्शन और पूजा अर्चना के लिए पहुंचते हैं। नवरात्र में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई है। लेकिन मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर गंदगी और कीचड़ फैला हुआ है। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को मंदिर तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। फिसलन और दुर्गंध के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मचारियों और ग्राम पंचायत में शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बीडीओ से मांग करते हुए कहा कि नवरात्र के पर्व को देखते हुए मंदिर परिसर सहित पूरे आसपास के क्षेत्र में तत्काल सफाई अभियान चलाकर सफाई कराई जाए। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों के आसपास नियमित साफ, सफाई कराई जाए। ताकि श्रद्धालु स्वच्छ वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
जालौन के इस मुहल्ले में महीनों से खराब पड़ा हैंडपंप, लोगों ने की ये मांग
जालौन। मोहल्ला खंडेराव में संतकबीर आश्रम के पास स्थित सरकारी हैंडपंप महीनों से खराब पड़ा है। जिससे आश्रम में आने वाले संतों को पयेजल की दिक्कत हो रही है। परेशान संतों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर हैंडपंप सही कराने की मांग की है।
लौना रोड स्थित संत कबीर आश्रम के संत सुंदरदास और गुरूप्रसाद दास ने एसडीएम राकेश कुमार सोनी को शिकायती पत्र देकर बताया कि संत कबीर आश्रम के पास सरकारी हैंडपंप लगा हुआ है। इस हैंडपंप के पानी का उपयोग आश्रम में आने वाले संत व भक्तगण पेयजल के लिए करते हैं। लेकिन बीते कुछ महीनों से हैंडपंप खराब पड़ा हुआ है। हैंडपंप खराब होने से आश्रम में आने वाले संतों को पेयजल के लिए इधर, उधर भटकना पड़ता है। हैंडपंप को सही कराने के लिए कई बार मांग की जा चुकी है लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने जनहित में हैंडपंप को सही कराने की मांग एसडीएम से की है।





