रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस,, विपक्षी दलों पर साधा निशाना,, कही यह बात

Oplus_131072

ब्यूरो रिपोर्ट

Lucknow news today । लखनऊ के सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए विपक्ष पर देश में अराजकता फैलाने और राजनीतिक टकराव को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है। लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन की कोशिश की जा रही है और विपक्ष का एजेंडा देश में अशांति फैलाकर सत्ता हासिल करना है। उन्होंने राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को निशाने पर लेते हुए कहा कि लोकतंत्र अराजकता से नहीं चलता और विपक्ष को जनमत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने मीडिया को सम्बोधित करते हुए कहा कि दिल्ली में हाल के दिनों में हुए घटनाक्रम कई गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उनके आरोप के मुताबिक, कांग्रेस और उसके राजनीतिक सहयोगी युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण और रचनात्मक कार्यों में लगाने के बजाय राजनीतिक टकराव की दिशा में ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाया जा रहा है। राजनाथ सिंह ने कहा कि विपक्षी नेताओं के बयानों से शासन परिवर्तन की मंशा जाहिर होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की राजनीति का उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना और देश में अशांति पैदा करना है।
रक्षा मंत्री ने प्रेस प्रतिनिधियों से कहा कि विपक्ष की लड़ाई केवल चुनाव सुधार, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) या मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, शासन परिवर्तन जैसे शब्दों का इस्तेमाल यह संकेत देता है कि विपक्ष देश में अराजकता पैदा करके सत्ता हासिल करना चाहता है। राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के बजाय टकराव की राजनीति को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने बांग्लादेश में हुए राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में भी उसी तर्ज पर सत्ता परिवर्तन की कोशिश किए जाने की बात कही जा रही है। रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि लोकतंत्र के नाम पर अराजकता फैलाना, संवैधानिक संस्थाओं की साख पर सवाल उठाना या देश की विकास यात्रा में बाधा डालना उचित नहीं है।