रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन नगर में स्थापित देवी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा नारायणपुरा बंबा को चिन्हित किया गया है। लेकिन इस समय बंबा में पानी कम होने से विसर्जन में दिक्कत हो सकती है। मां नव दुर्गा सेवा समिति के सदस्यों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर कोई अन्य जगह चिन्हित किए जाने अथवा बंबा में पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
मां नवदुर्गा सेवा समिति के तत्वावधान में राजा सिंह सेंगर, नगर अध्यक्ष शिवम गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक धीरज साहू, अभिषेक कुमार, आदि ने एसडीएम राकेश कुमार सोनी को ज्ञापन सौंपकर बताया कि समिति द्वारा लगभग 10 वर्षों से मूर्ति विसर्जन का कार्य सकुशल संपन्न कराया जा रहा है। वर्तमान में नगर व ग्रामीण क्षेत्र में 63 स्थानों पर देवी प्रतिमाओं की स्थापना की गई है। नवरात्र के बाद दशहरे को इन देवी प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। इसके लिए प्रशासन द्वारा विसर्जन स्थल के रूप में नारायणपुरा बंबा का चयन किया गया है। लेकिन वर्तमान में बंबा में पानी कम होने से प्रतिमाओं का विसर्जन इतने पानी में होना संभव नहीं है। इसके लिए या तो प्रशासन को किसी अन्य स्थान का चयन किया जाना चाहिए अथवा बंबा में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराया जाए, तभी विसर्जन हो पाना संभव है। एसडीएम ने उनकी मांग पर समस्या के समाधान का भरोसा दिया है।





