जालौन में होनहार युवक ने मेहनत और लगन से पाई यह बड़ी सफलता,,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर के मोहल्ला चुर्खीबाल के होनहार युवक शिव सिंह प्रजापति ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। एसएससी सीजीएल 2025 परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 885वीं रैंक प्राप्त कर उनका चयन आयकर विभाग में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट पद पर हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे नगर में खुशी और गर्व का माहौल है।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले शिव सिंह प्रजापति ने सीमित संसाधनों के बीच अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए यह मुकाम हासिल किया। उनके पिता राकेश प्रजापति पत्रकार व एलआईसी एजेंट हैं, जबकि माता मिथलेश प्रजापति गृहिणी हैं। आर्थिक सीमाओं के बावजूद शिव सिंह ने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और लगातार मेहनत करते रहे। शिव सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर, एसबीडीएम इंटर कॉलेज तथा स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बीएससी की पढ़ाई पूरी की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुट गए। कड़ी मेहनत, अनुशासन और मजबूत इरादों के बल पर उन्होंने एसएससी सीजीएल परीक्षा में सफलता हासिल कर यह सिद्ध कर दिया कि दृढ़ संकल्प के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती। उनकी इस सफलता से न केवल उनके परिवार में खुशी का माहौल है, बल्कि मोहल्ले और आसपास के लोगों में भी गर्व की भावना है। लोगों का कहना है कि शिव सिंह की उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी और वे भी अपने लक्ष्य को पाने के लिए प्रेरित होंगे। शिव सिंह प्रजापति ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरूजनों को दिया है। उनका कहना है कि परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं था। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो तो सफलता जरूर मिलती है।