(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । जालौन नगर में अवैध होर्डिंग से नगर पालिका को एक धेले की कमाई नहीं है। इसके बावजूद नगर में जगह जगह अवैध होर्डिंग की बाढ़ आई हुई थी। अवैध होर्डिंग को लेकर अब प्रशासन ने सख्ती अपना ली है। सोमवार को नगर पालिका ने अभियान चलाकर मुख्य मार्ग से अवैध होर्डिंग को हटाया।
नगर में जगह जगह टंगे फ्लैक्स बोर्ड पर तस्वीरों के साथ शुभ कामना संदेश नजर आते हैं। यह स्थिति तब भी होती है जब नगर में किसी दल के नेता का दौरा या आमसभा होती है या फिर कोई अन्य त्योहार नजदीक हो। चाहे स्ट्रीट लाइट हो या बिजली के पोल या फिर कोई दीवार ही सही हर जगह आपको होर्डिंग टंगी हुई नजर आ जाएगी। नगर में स्थित स्ट्रीट लाइट के प्रत्येक खंभे पर होर्डिंग टंगी हुई नजर आ रही है। चौराहों पर चारों ओर कहीं लकड़ी के खंभे के सहारे तो कहीं दीवार के सहारे होर्डिंग लगाई गई हैं। इससे जहां वाहन चालकों का ध्यान भंग होता है तो दूसरी ओर बिजली आदि के खंभे पर टंगी होर्डिंग बिजली कर्मचारियों के लिए परेशानी का सबब बनती है। ऐसे में इन अवैध होर्डिंग को हटाने के लिए कई बार मांग की गई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध होर्डिंग के खिलाफ सोमवार को अभियान चलाया गया। नगर पालिका की टीम ने उरई रोड बंबा के पास से चुंगी नंबर चार तक मुख्य मार्ग पर लगी स्ट्रीट लाइटों और अन्य स्थानों पर अवैध रूप से टंगी होर्डिंग को हटाया है।
ईओ ने कही यह बात
इस बाबत ईओ सीमा तोमर ने बताया कि अभियान के पहले दिन मुख्य मार्ग से अवैध होर्डिंग हटाई गई हैं। आगे नगर क्षेत्र से सभी अवैध होर्डिंग को हटाया जाएगा।
Contact for advertisement : 9415795867






