निनावली में लगेगा प्रशासनिक मेला, शूरवीरों को नमन कर ग्रामीणों की सुनेगा डीएम का दरबार
के पी सिंह ( समाचार सम्पादक )

E-Magzine – उत्तम पुकार न्यूज़
Orai / Jalaun news today। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की ज्वाला से जन्मे गांव निनावली में मंगलवार को इतिहास और हुकूमत आमने-सामने होंगे। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ तलवार उठाने वाले शूरवीरों द्वारा बसाई गई इस धरती पर मंगलवार को प्रशासनिक मेला सजेगा, जहां जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय अधिकारियों के लाव-लश्कर के साथ सीधे ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे।
कुठौद थानान्तर्गत आने वाला निनावली गांव कोई साधारण बसावट नहीं, बल्कि आज़ादी की पहली लड़ाई की जीवित गवाही है। मूल रूप से यह गांव चकरनगर स्टेट के डिबौली के जागीरदारों द्वारा बसाया गया था। वर्ष 1857 में डिबौली घाट पर हुए भीषण संग्राम में इन जागीरदारों ने फिरंगी फौजों के दांत खट्टे कर दिए थे। अंग्रेजी सत्ता हिल उठी थी, लेकिन अंततः संसाधनों के अभाव में क्रांतिकारियों को पीछे हटना पड़ा।
अंग्रेजों के दमन से बचने के लिए इन शूरवीरों ने जगम्मनपुर के राजा, जो उनके रिश्तेदार थे, के यहां शरण ली। यमुना किनारे दुर्गम बीहड़ों में उन्हें ऐसा ठिकाना दिया गया जहां फिरंगियों की नजर न पहुंच सके। यहीं एक ऊंचे टीले पर गढ़ी बनाकर गांव बसाया गया, जिसका नाम पड़ा— निनावली।
समय बदला, परिस्थितियां बदलीं। करीब 60 वर्ष पूर्व गढ़ी का कुआँ सूखने के बाद तत्कालीन मुखिया महानदर सिंह चौहान ने गांव को खेतों की ओर बसाया। नये सिरे से बसे इस गांव को आज कोठी निनावली के नाम से जाना जाता है, क्योंकि अंग्रेजों के दौर में यहां नील की विशाल कोठी हुआ करती थी।
मंगलवार को चौपाल, फिर इतिहास को नमन
मंगलवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय पंचायत मुख्यालय कंझारी में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर निस्तारण के निर्देश देंगे। इसके उपरांत वे प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शूरवीरों के तर्पण स्वरूप निनावली का भ्रमण करेंगे।
यह प्रशासनिक मेला सिर्फ शिकायतों की सुनवाई नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के गुमनाम नायकों को स्मरण और सम्मान देने का भी अवसर होगा—जहां इतिहास फिर एक बार वर्तमान से संवाद करेगा।
उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। Watsapp or calling : 9415795867






