कारागार में बंद विधायक इरफान सोलंकी से भी की मुलाकात
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज भाजपा सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में पुलिस राज चाहती है पुलिस हिरासत में सबसे ज्यादा मौतें उत्तर प्रदेश में हुई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की मदद के लिए होती है लेकिन इस सरकार ने पुलिस में कुछ लोगों को इतनी आजादी दे रखी है कि वे लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर रहे हैं।

सपा मुखिया अखिलेश यादव आज कानपुर देहात में पुलिस हिरासत में मारे गये बलवंत सिंह के परिवार से आज मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए श्री यादव ने कहा कि बलवंत सिंह का परिवार बहुत दुःखी है। परिवार ने जो देखा है, ऐसी घटना किसी के साथ न हो। बलवंत सिंह को पुलिस ने ही मार दिया। पुलिस की वजह से जान गई। उसे तीन घंटे तक मारा गया। बलवंत सिंह के परिजनों ने बताया कि पुलिस उनके सामने ही पीट रही थी। इतना पीटा कि कल्पना नहीं की जा सकती है। मौत के लिए पुलिस जिम्मेदार है। इसमें साजिश और षड़यंत्र है।

सपा मुखिया श्री यादव ने मांग किया कि घटना की सीबीआई या हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में जांच कराए। जाय। परिवार को न्याय मिले और बलवंत सिंह की पत्नी को सरकारी नौकरी और एक करोड़ रूपये की मदद दी जाय।

श्री यादव ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है। पुलिस हिरासत में लगातार मौंते हो रही हैं। इसी तरह की एक घटना गोण्डा में भी पिछले दिनों हुई थी। जहां पुलिस की पिटाई से युवक की मौत हो गई थी। जब वहां लोगों ने विरोध किया तो पुलिस शव लेकर भाग गई।
विधायक इरफान सोलंकी से की जेल में मुलाकात
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने आज ही कानपुर जेल पहुंचकर पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी से मुलाकात की और उनसे पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विधायक इरफान सोलंकी को झूठे मामलों में फंसाया गया है। पार्टी पूरी तरह से उनके साथ है और कानूनी लड़ाई में पूरी मदद करेगी।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के नेताओं और विधायकों को साजिश और षड़यंत्र के तहत फंसाना चाहती है। जब सपा विधायकों को झूठे मामलों में जेल भेजा जा रहा है तो प्रदेश में किसी को न्याय मिल नहीं सकता है।
Download our app : uttampukarnews

श्री यादव ने कहा कि कुछ अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। लेकिन वे याद रखे कि समय बदलता है। जो गलत काम कर रहे हैं, उन पर भी कार्यवाही होगी।