(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today ।जालौन नगर में शनिवार को भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा द्वारा परिषद के आदर्श स्वामी विवेकानंदजी की 161वीं जयंती पर पुष्पांजलि समरोह आयोजित किया गया।
बाजार बैठगंज में आयोजित समारोह में उपस्थित वरिष्ठ उपाध्यक्ष व शिक्षाविद् मृत्युंजय श्रीवास्तव ने कहा कि स्वामी विवेकानंदजी के विचारों से प्रेरणा लेकर उनके जन्म शताब्दी वर्ष 1963 में भारत विकास परिषद की स्थापना दिल्ली के भूतपूर्व महापौर लाला हंसराज व डॉ. सूरज प्रकाश ने की थी। तभी से भारत विकास परिषद सेवा व संस्कार द्वारा समाज के सभी वर्गों के उत्थान के कार्य में लगा है। कोषाध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि आज भारत में परिषद की 1500 से अधिक शाखाएं व 75000 से अधिक परिवार स्वामी विवेकानंदजी से प्रेरणा लेकर निस्वार्थ भाव से राष्ट्रहित के कार्य कर रहे हैं। अध्यक्ष पवन अग्रवाल ने स्वामी विवेकानंद जी के ध्येय वाक्य उठो जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक नहीं रुको को जीवन में आत्मसात करने की अपील की। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नगर प्रचारक कार्तिकजी, विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष अनुराग तिवारी, संघ के दायित्वधारी महेंद्र कौशल, बजरंग दल के नगर संयोजक मानवेंद्र परिहार, भाविप के संयुक्त सचिव सचिन पुरवार, संतोष पोरवाल, शिक्षक महेंद्र यादव ने भी स्वामी विवेकानंदजी के विराट व्यक्तित्व से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को प्रस्तुत किया।





