Samajwadi party news। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बिहार में इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों के पक्ष में दो विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया।
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने औरंगाबाद जिले के रफीगंज में प्रत्याशी गुलाम शाहिद और रोहतास जिले के नोखा विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी अनीता देवी के पक्ष में विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया।

जनसभा को सम्बोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में परिवर्तन हो रहा है। यह बदलाव का चुनाव है। बिहार में पहले चरण में चुनाव आधी सीटों का हुआ है लेकिन सरकार बदलने का पूरा फैसला आ गया है। बिहार के नौजवानों, महिलाओं, किसानों सभी वर्गों ने नया बिहार बनाने और नौजवान तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट किया है। बिहार में सरकार बदलेगी तो बिहार बदलेगा। नौजवानों को नौकरी रोजगार मिलेगा। बिहार के नौजवान बिहार में नौकरी करेंगे। अपने परिवार के साथ रहेंगे। नौकरी भी करेंगे और परिवार की देखभाल भी करेंगे।
श्री यादव ने कहा कि जब तेजस्वी यादव ने नौकरी देने का वादा किया तब से भाजपा के लोग सवाल उठा रहे हैं। भाजपा इसलिए सवाल उठा रही है क्योंकि भाजपा के एजेंडे में नौकरी, रोजगार और विकास नहीं है। भाजपा के एजेंडे में नफरत फैलाना, झूठ बोलना, झूठे वादे करना है। भाजपा ने युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था। किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था। लेकिन कोई वादा नहीं पूरा किया। भाजपा दस साल से केन्द्र की सरकार में है लेकिन नौजवानों को नौकरी नहीं दिया। किसानों की आय दोगुनी नहीं की। दिल्ली से भाजपा के लोग भाशण देने आते है। बड़े-बड़े जुमले फेंकते है। झूठी बातें करते हैं। 11 साल से दिल्ली की सरकार में है लेकिन महंगाई और नौकरी पर कुछ नहीं बोलते है। अखिलेश ने कहा कि बिहार में जब तेजस्वी यादव युवाओं को नौकरी दे रहे थे तो भाजपा घबरा गयी। उसने षडयंत्र करके सरकार गिरा दी। भाजपा के लोग बिहार और बिहार के युवाओं के दुश्मन है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बहुत जागरूक है। कभी भाजपा को खुद की सरकार बनाने का मौका नहीं दिया। अब भाजपा वाले चुनावी दूल्हा को आगे करके पीछे से लग गए हैं। चुनावी दूल्हा को भी पता चल गया अब उन्हें कोई मुख्यमंत्री नहीं बनाएगा।

उन्होंने कहा कि पहले चरण के चुनाव के बाद एनडीए के लोग अन्दर ही अन्दर एक दूसरे पर तीर चला रहे हैं। अब उनकी सरकार नहीं बनेगी। अबकी बार बिहार में तेजस्वी सरकार आ रही है। बिहार से भाजपा बाहर जा रही है। अब नौजवानों का पलायन नहीं होगा। इस चुनाव में भाजपा का पलायन हो जाएगा।

श्री यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा साम्प्रदायिक ताकतों को परास्त किया है। कभी साम्प्रदायिक लोगों को कामयाब नहीं होने दिया। एक बार बिहार ने भाजपा का रथ रोका था, इस बार बिहार का नौजवान भाजपा की हार लिखेगा। भाजपा की ऐसी विदाई हो रही है, वह कभी लौट कर नहीं आयेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में भाजपा की कई टीमें है। भाजपा की बी टीम है। सी टीम है। पी टीम है। इन टीमों से सावधान रहना है।

श्री यादव ने कहा कि जिस तरह से उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार ने एक्सप्रेस-वे और सड़कें बनायी है, उसी तरह का एक्सप्रेस-वे बिहार में बनेगा। हम और तेजस्वी मिलकर यूपी और बिहार को जोड़ेंगे। समाजवादियों ने यूपी में छात्रों को पढ़ाई के लिए लैपटॉप बांटा था। छात्रों की पढ़ाई में मदद की। यह चुनाव बिहार और बिहार के नौजवानों के भविष्य का चुनाव है। तेजस्वी नई सोच के है। प्रगतिशील है। भाजपा के लोग संकीर्ण सोच के हैं। नई पीढ़ी के लोग सबको साथ लेकर चलते है। भाजपा नफरत फैलाती है।
श्री यादव ने कहा कि पहले चरण में ही बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनाने का संदेश दे दिया है। दूसरे चरण में भाजपा का पूरा का पूरा सफाया हो जायेगा। बिहार परिवर्तन के लिए चल दिया है।







