रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन में भाजपा नगर अध्यक्ष ने सपा कार्यकर्ताओं द्वारा बीएलओ पर फर्जी वोट बनाए जाने का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। जबकि सपा नगर अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता फर्जी तरीके से वोट कटवाने के लिए फॉर्म सात जमा कर रहे हैं।
एसआईआर को लेकर भाजपा और सपा आमने सामने हैं। भाजपा नगर अध्यक्ष अभिनय सिंह राजावत समेत धीरज सक्सेना, मनोज चौरसिया, रामचंद्र गुप्ता, सौरभ सेंगर, प्रदुम्न द्विवेदी आदि ने हस्ताक्षरयुक्त पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा है। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि समाजवादी पार्टी के नेता विभिन्न बूथों पर जा रहे हैं और बीएलओ पर फर्जी वोट बनवाने के लिए दबाव बना रहे हैं। जबकि यह वोटर बंगाल और अन्य स्थानों पर रह रहे हैं। उन्होंने मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सपा नगर अध्यक्ष गौरीश द्विवेदी ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता फर्जी तरीके से वोट कटवाने के लिए फॉर्म नंबर सात जमा कर रहे हैं। जो लोग नगर में रह रहे हैं। उनके वोट फर्जी तरीके से न काटे जाएं उनका प्रयास यही है। यही बात सपाइयों ने बीएलओ से कही है। बीएलओ ने भी आश्वासन दिया है जांच के बाद ही वोट काटे जाएंगे। इस बाबत उन्होंने एसडीएम को भी सूचित किया है और आवश्यकता पड़ने पर चुनाव आयोग को भी जानकारी दी जाएगी।





