लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा,, इन मुद्दों पर की चर्चा

UP BJP News Today । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा ने बैठक को सम्बोधित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह की उपस्थिति में आयोजित बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष तथा प्रदेश मीडिया विभाग के प्रभारी, सहप्रभारी, सोशल मीडिया व आई.टी. के प्रदेश संयोजक व सहसंयोजक सम्मिलित रहे। श्री नड्डा ने सभी से परिचय के बाद संगठनात्मक अभियानों तथा कार्यक्रमों पर चर्चा की।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि 26 दिसम्बर को वीर बाल दिवस पर गुरू गोविन्द सिंह जी के पुत्रों के बलिदान की अमर गाथा को लोकव्यापी बनाना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र, संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए चारों साहिबजादों ने अन्याय, अत्याचार के सामने झुकने से मना करते हुए धर्म परिवर्तन नहीं किया। छोटी सी आयु में भी धर्म, संस्कृति और राष्ट्र के लिए बलिदान दिया। यह अडिग आस्था, वीरता और साहस की मिसाल है। उन्होंने कहा कि वीर बाल दिवस हमें साहस, सत्य, आत्मसम्मान और देश व धर्म की रक्षा के लिए बलिदान की प्रेरणा देता है। हम चारों साहिबजादों के अमर बलिदान की प्रेरक गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का काम करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 दिसम्बर भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की जयन्ती पर राजधानी लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल में स्थापित डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की 65 फीट ऊंची प्रतिमायें एक देश, एक विधान, एक निशान के लिए किए गए संघर्ष, एकात्ममानववाद से साकार होता अन्त्योदय का स्वप्न और जय जवान, जय किसान से जय विज्ञान तक विकास व उन्नति के संकल्प का संदेश देगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण के साथ ही देशवासियों को डिजिटल म्यूजियम के माध्यम से राष्ट्र नवनिर्माण के लिए किये गए संघर्षों की गाथा को देखने और समझने का अवसर मिलेगा।


प्रदेश अध्यक्ष  पंकज चौधरी ने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व की अपेक्षा के अनुरूप प्रदेश भाजपा संगठन सभी कार्यक्रमों, अभियानों को सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी व सर्वसमावेशी बनाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि 25 दिसम्बर श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की जयन्ती को पार्टी बूथ स्तर पर मनाएगी। श्रद्धेय अटल जी के व्यक्तित्व को जिला स्तर पर प्रदर्शनियों के माध्यम से भी जनमानस के बीच पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर संगोष्ठियां आयोजित करके अंत्योदय के संवाहक श्रद्धेय अटल जी के ऐतिहासिक निर्णयों, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष में अडिग अटल जी के कालजयी व्यक्तित्व पर चर्चा की जाएगी।
बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने किया।