Lakhimpur news today । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को लखीमपुर में पार्टी पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी द्वारा भारत रत्न, लौह पुरुष, स्वतंत्र भारत के प्रथम गृह मंत्री और “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” के शिल्पकार सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों और अभियानों के लेकर विस्तृत चर्चा की और पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों व कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

अपने सम्बोधन में प्रदेश महामंत्री (संगठन ) ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बूथ पर कार्य करने वाले सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे नियमित रूप से बूथ समितियों, पन्ना प्रमुखों और स्थानीय जनता के साथ संवाद एवं समन्वय बनाए रखें, ताकि पार्टी की नीतियां और सरकार की योजनाएं सीधे जन-जन तक पहुँच सकें।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने गांव, गरीब, किसान, पीड़ित ,वंचित , पिछड़ों,दलितों सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनगिनत ऐतिहासिक कार्य किए हैं।भाजपा सरकार में हर वर्ग के कल्याण हेतु योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं और उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है।
उन्होंने कहा, “हमारे पास हमारी सरकार की उपलब्धियों का भंडार है।हमें बस सक्रिय होकर इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना है और जनता को बताना है कि भाजपा सरकार ने कैसे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन किया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में पार्टी द्वारा कई अभियान और संगठनात्मक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों में पार्टी के सभी नए और पुराने कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए। श्री सिंह ने कहा कि इन अभियानों और कार्यक्रमों के माध्यम से हम समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को पार्टी से जोड़ सकते हैं। इससे न केवल संगठन का विस्तार होगा बल्कि समाज के हर वर्ग में भाजपा के प्रति विश्वास और सहभागिता भी बढ़ेगी।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे नियमित रूप से बूथ बैठकें करें, जनसंपर्क बढ़ाएं और अपने कार्यक्रमों में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि पार्टी का संगठनात्मक आधार और अधिक सशक्त बने।

प्रदेश महामंत्री( संगठन) धर्मपाल सिंह ने आगामी “सरदार@150 यूनिटी मार्च अभियान” के विषय में बैठक में विस्तारपूर्वक चर्चा की और सरदार पटेल के व्यक्तित्व, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भाजपा का यह अभियान सरदार पटेल की एकता, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की भावना से प्रेरित है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाता है।
श्री सिंह ने कहा कि सरदार पटेल जी ने 562 रियासतों का एकीकरण कर स्वतंत्र भारत की मजबूत नींव रखी। वे केवल इतिहास के नायक नहीं बल्कि आज भी भारत की राष्ट्रीय चेतना के केंद्र हैं। उन्होंने कहा, “अगर सरदार पटेल न होते तो आज भारत का नक्शा कुछ और होता। उन्होंने प्रशासनिक एकता, राष्ट्रीय अखंडता और सांस्कृतिक एकजुटता की नींव रखी।”
अभियान की रूपरेखा और उद्देश्य पर चर्चा करते हुए प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 31 अक्टूबर से 6 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, समरसता और देशभक्ति की भावना को जाग्रत करना है।
अभियान के अंतर्गत तीन प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।पूरे प्रदेश में विधानसभा स्तर पर 1 से 25 नवम्बर तक पद यात्राएं निकाली जाएंगी। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 8 किलोमीटर लंबी पदयात्राएँ आयोजित होंगी, जिनमें पार्टी कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, युवा, महिलाएँ, किसान, व्यापारी और समाज के सभी वर्ग सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
प्रत्येक जिले से पाँच प्रतिनिधि जिनमें दो युवा मोर्चा पदाधिकारी तीन यूथ आइकॉन सम्मिलित होंगे ,सरदार पटेल जी के जन्मस्थान करमसद से स्टेच्यू ऑफ यूनिटी तक 150 किलोमीटर की राष्ट्रीय एकता यात्रा में सम्मिलित होंगे। यह यात्रा सरदार पटेल जी की एकता, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना का जीवंत प्रतीक होगी। इसी तरह 31 अक्टूबर को “रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम के तहत सरदार पटेल जी की जयंती पर सभी जिलों में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। इसका शुभारंभ जिले में स्थापित सरदार पटेल जी की प्रतिमा से होगा। इसमें समाज के सभी वर्गों जैसे जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, किसानों, मजदूरों, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और नागरिकों आदि की व्यापक भागीदारी होगी।सांस्कृतिक कार्यक्रम और जनजागरण
अभियान के दौरान सभी बूथों पर सरदार पटेल जी के चित्र लगाकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध, भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएँ होंगी, ताकि नई पीढ़ी सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण की भावना से प्रेरणा ले सके।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने स्टेच्यू ऑफ यूनिटी के माध्यम से सरदार पटेल की गौरवशाली स्मृति को विश्व के मानचित्र पर स्थापित किया है। यह प्रतिमा भारत की एकता, संकल्प और सामर्थ्य की प्रतीक है। भाजपा सरकार ने सरदार पटेल के विचारों को व्यवहार में उतारते हुए “विकसित भारत – एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की दिशा में ठोस कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा। माय भारत (MY Bharat) के माध्यम से युवा स्वयं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ेंगे और सरदार पटेल के जीवन से ईमानदारी, दृढ़ निश्चय और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा लेंगे।
श्री सिंह ने कहा,“भारतीय जनता पार्टी सरदार पटेल जी के जीवन, उनके आदर्शों और राष्ट्र निर्माण के योगदान से प्रेरणा लेकर यह संकल्प लेती है कि भारत को एकता, अखंडता और विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा। सरदार पटेल केवल इतिहास नहीं, वे आज भी हमारे राष्ट्र की चेतना के केंद्र हैं — और भाजपा का यह अभियान उसी चेतना को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास है।”
बैठक में श्रेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ,जिला प्रभारी वासुदेव मौर्य , जिला अध्यक्ष सुनील सिंह , विधायकगण लोकेंद्र प्रताप सिंह, योगेश वर्मा , शशांक , सौरभ सिंह सोनू , अमन गिरि जी , मंजू त्यागी ,विनोद अवस्थी , प्रदेश कॉपरेटिव उपाध्यक्ष मनीष साहनी जी सहित सभी जिला पदाधिकारी , मंडल अध्यक्ष व अन्य प्रमुख पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।





