भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया मतदाता पुनरीक्षण अभियान की बैठक को सम्बोधित, कही यह बात

UP News Today । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को मतदाता पुनरीक्षण अभियान की बैठक को सम्बोधित करते कहा कि प्रमाणिक मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र की नींव है। हमारी जिम्मेदारी है कि चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के तहत हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़ जाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में ना रहे। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत गांव, गली, शहर, हर डगर तक दस्तक देना है। संगठन मंत्री श्री सिंह चन्दौसी एवं गाजीपुर में मंडल अध्यक्षों एवं मतदाता पुनरीक्षण अभियान के विधानसभा संयोजको को सम्बोधित कर रहे थे।


प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान सबसे महत्वपूर्ण अभियान है। यह अभियान मतदाता सूची के शुद्धिकरण का अभियान है। मतदाता पुनरीक्षण में एक भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में छूटने ना पाएं इसका पूरा ध्यान रखना है तथा यह भी सुनिश्चित करना है कि बोगस मतदाता के नाम सूची में शामिल न हो। अभियान के प्रभावी संचालन हेतु जिला एवं विधानसभा स्तर पर वॉर रूम बनाए जायेंगे जो प्रदेश स्तर पर बनने वाले वॉर रूम से सीधे जुडे़गें। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक तालमेल और तकनीकि निगरानी से अभियान को लोकव्यापी बनाना है।


धर्मपाल सिंह ने कहा कि बीएलए-1 का दायित्व बीएलए-2 से सतत सम्पर्क बनाए रखना तथा उनके कार्य में सहयोग करने का है। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 चुनाव आयोग की ओर भाजपा का अधिकृत प्रतिनिधि होगा। इसलिए बीएलए-2 का चयन अत्यंत गंभीरता और सतर्कता से किया जाना चाहिए।


उन्होंने कहा कि बीएलए-1 तथा बीएलए-2 के साथ ही पार्टी द्वारा बूथ प्रवासी भी बनाए जाएगें। इन तीनों की संयुक्त टीम बूथ पर काम करेगी। बूथ स्तर पर इन तीनों लोगों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी और यह त्रिकोणीय संरचना मतदाता पुनरीक्षण कार्य में गति और विश्वसनीयता प्रदान करेगी। इसके साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता, पदाधिकारी तथा जनप्रतिनिधि को इस अभियान में अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चत करनी है। जिससे मतदाता सूची सत्यापित, प्रमाणिक तथा त्रुटिहीन बन सकें।