
Lucknow news today । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने मंगलवार को जेवर, (गौतमबुद्धनगर) में पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में आगामी 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन एवं प्रस्तावित विशाल जनसभा की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों, जनसम्पर्क अभियान तथा व्यवस्थाओं के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकसित भारत” के लक्ष्य की ओर तीव्र गति से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश ने बुनियादी ढांचे, डिजिटल क्रांति, औद्योगिक विकास तथा सामाजिक कल्याण के क्षेत्रों में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उत्तर प्रदेश में भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है।
उन्होंने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है, जो न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत के आर्थिक विकास को नई गति प्रदान करेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के साथ ही क्षेत्र को वैश्विक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाएगी।
श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र आज धरातल पर साकार हो रहा है। सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं समाज के अंतिम पायदान तक पहुंच रही हैं, वहीं आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही हैं।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी ही कार्यक्रम की सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक जनसंपर्क बढ़ाएं और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक में यह संकल्प लिया गया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व बनाया जाएगा। इसके लिए सभी कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, उत्साह और अनुशासन के साथ जुटेंगे तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हमारी कर्मठता, अनुशासन और समर्पण से यह आयोजन भव्यता के साथ अविस्मरणीय भी बनेगा। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने दायित्व का निर्वहन इस भावना से करे कि जनसभा में आने वाला प्रत्येक नागरिक हमारे द्वारा की गई स्वागत, सुरक्षा, सुविधा, पार्किंग एवं पेयजल सहित सभी व्यवस्थाओं से अभिभूत होकर एक सकारात्मक संदेश लेकर जाएं। बैठक कर तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूर्ण हों।
उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समर्पण, परिश्रम और अनुशासन का प्रतीक है। यही भाव इस जनसभा को एक ऐतिहासिक उपलब्धि में परिवर्तित करेगा और यह आयोजन निश्चित ही सफलता कार्यक्रम का स्वर्णिम अध्याय लिखेगा।






