रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की शाखा झंडा चौराहा द्वारा ग्राम सिहारी पड़ैया में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर बैंकिंग योजनाओं और डिजिटल सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।
शिविर में शाखा प्रबंधक राहुल कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए बैंकिंग सुविधाओं से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नियमित बचत की आदत विकसित करने पर जोर देते हुए बताया कि छोटी-छोटी बचत भविष्य में बड़ी आर्थिक सुरक्षा का आधार बनती है। उन्होंने ग्रामीणों को विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि किसान, व्यापारी और स्वरोजगार करने वाले लोग बैंक की योजनाओं का लाभ लेकर अपने कार्यों का विस्तार कर सकते हैं। प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से शून्य शेष राशि पर खाता खोलने की सुविधा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत कम प्रीमियम में बीमा सुरक्षा, अटल पेंशन योजना के माध्यम से वृद्धावस्था में नियमित पेंशन तथा किसान क्रेडिट कार्ड की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने यूपीआई, भीम ऐप और मोबाइल बैंकिंग के जरिए सुरक्षित एवं त्वरित भुगतान की प्रक्रिया समझाई। साथ ही साइबर अपराधों से सावधान रहने की अपील करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी या बैंक खाते की जानकारी साझा न करें। बैंक कभी भी फोन पर ऐसी जानकारी नहीं मांगता। शिविर में देवप्रसाद, नारायण दास, शिवपाल, शिवपूजन, दीपू, रामकेश, अवधेश एवं गोविंददास आदि मौजूद रहे।





