न्यायालय के आदेश पर 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज,, यह है आरोप,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । न्यायालय के आदेश पर दो नामजद समेत पांच अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उरई कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चौरसी निवासी मयंक शर्मा ने न्यायालय को बताया था कि बीते वर्ष 19 अक्टूबर को वह अपने साथी आकाश, विशाल व विकास के साथ राजस्थान के भीलवाड़ा में कैंसर की दवा लेने के लिए गए थे। दवा लेकर 21 अक्टूबर को वह वापस अपने घर जा रहे थे। सायं करीब साढ़े छह बजे जब वह जालौन पहुंचे तो देवनगर चौराहे पर उन्होंने सड़क किनारे अपनी कार खड़ी कर दी और थोड़ा आराम करने लगे। तभी वहां कोतवाली में तैनात आरक्षी अजय यादव और हेड कांस्टेबल सतेंद्र कुमार आए और अभ्रदता करने लगे। साथ ही उन्होंने वाहन से संबंधित कागजात और 5000 रुपये देने का दबाव बनाया। जब उन्होंने रुपये देने से इंकार किया तो उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान वहां चार पांच और अज्ञात सिपाही आ गए, उन्होंने भी मारा पीटा कोतवाली में बैठाने की धमकी देते हुए उनकी जेब में पड़े 37,800 रुपये छीन लिए और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसकी शिकायत उन्होंने कोतवाली और एसपी के यहां भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद उन्होंने न्यायालय का सहारा लिया। वहीं, न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने सभी आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बता दें, देवनगर चौराहे पर हुए विवाद के मामले में आरक्षी अजय यादव ने 21 अक्टूबर को कोतवाली में मयंक व आकाश के खिलाफ वाहन चेकिंग के दौरान शराब के नशे में पुलिस कर्मियों के साथ गाली, गलौज व अभद्रता करने, वाहन के कागजात न दिखाने, अभद्रता व मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस बाबत कोतवाल अजीत सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करेगी।

Leave a Comment