रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन में कैफे पर खाना खाते समय मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक के बाएं हाथ में चोट आई हैं और वह घायल हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव निवासी वेदांत गुर्जर ने पुलिस को बताया कि एक अगस्त को दोपहर करीब ढाई बजे वह अपने मित्रों के साथ कोंच रोड स्थित द फ्लेवर हब कैफे पर खाना खाने गया था। इसी दौरान ग्राम रूरा सिरसा हाल निवासी मोहल्ला रावतान अभय तोमर और उसी मोहल्ले का राघवेंद्र यादव वहां पहुंच गए और गाली, गलौज शुरू कर दी। जब उन्हें गाली देने से मना किया तो दोनों ने थप्पड़-घूसों से मारना-पीटना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि इसी दौरान राघवेंद्र ने चाकू से उसके बाएं हाथ पर वार कर दिया, जिससे हाथ काफी दूर तक कट गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच बचाव कराया तो वह जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। पुलिस ने पीड़ित का चिकित्सकीय परीक्षण कराकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाल हरीशंकर चंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जो उचित होगा कार्रवाई की जाएगी।





